UP weather: अभी और छूटेगी कंपकंपी, नमी और सर्द हवाओं ने बदल दिया मौसम का मिजाज
मौसम करवट ले रहा है, सर्द हवाएं चलने के साथ नमी से गलन भरी सर्दी पड़ रही है। सुबह धुंध, देर से धूप और धूप निकलने के बाद भी नमी के चलते लोगों को सर्दी का अहसास होता रहा।
जेेएनएन, आगरा । गलन भरी सर्दी पडऩे लगी है, इससे दिन में भी लोगों की कंपकंपी छूट रही है। रात होते ही दांत भी कटकटाने लगे, गलन भरी सर्दी के साथ सर्द हवाएं चलने से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट और कोहरा छाए रहने की आशंका व्यक्त की है। मौसम करवट ले रहा है, सर्द हवाएं चलने के साथ नमी से गलन भी सर्दी पड़ रही है। सुबह धुंध के चलते देर से धूप निकली, दोपहर में धूप निकलने के बाद भी नमी के चलते लोगों को सर्दी का अहसास होता रहा।
कंपकंपी छूटी, दांत कटकटाने लगे
शाम होते ही सर्द हवाएं चलने लगी और गलन बढ़ गई। रात को गलन भरी सर्दी में लोगों की कंपकंपी छूटने लगी, दांत कटकटाने लगे। नमी और सर्द हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान सामान्य के एक डिग्री कम 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान में भी लगातार गिरावट हो रही है, इससे गलन बढ़ रही है। मौसम विभाग ने गलन के साथ तापमान में गिरावट की आशंका व्यक्त की है। दिसंबर के अंत में घना कोहरा छाएगा।
मौसम के बदलाव से दिनचर्या बदली
मौसम में आए बदलाव से लोगों की दिनचर्या बदल गई है। सुबह लोग देर से बिस्तर से बाहर आ रहे हैं। वहीं, लोग रात को जल्दी घर पहुंच रहे हैं। गर्म कपड़े पहनने के बाद भी लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल रही है। बाजार भी जल्दी बंद होने लगे हैं।सर्दी में चाय की चुस्की के साथ लोग देश दुनिया की बातें के साथ मस्ती कर रहे हैं। धूप दिखाई देते ही लोग दफ्तर से बाहर निकलने लगते हैं, सरकारी और निजी कार्यालयों में लंच ब्रेक का टाइम भी बढ़ गया है।