CNG स्टेशन नहीं जाम का झाम कहिए जनाब, यहां से सुबह शाम निकल कर तो देखिए Agra News
हादसे की बनती स्थिति थ्री लेन हाईवे को बना देते हैं सिंगल। रांग साइड चलने वाले वाहन भी रास्ता कर देते जाम।
आगरा, जागरण संवाददाता। कैलाश मोड़ के निकट स्थित सीएनजी स्टेशन पर पहुंचने वाले वाहनों के कारण हाईवे पर भीषण जाम रहता है। साथ ही हादसा होने की आशंका बनी रहती है। गुरुद्वारा गुरु के ताल के निकट भी कुछ ऐसा ही हाल है। सीएनजी के लिए तिहरी लाइन हाईवे को बाधित करती है। कैलाश मोड़ स्टेशन से सीएनजी भरवाने के बाद वाहन रांग साइड लौटते हैं, जिससे मथुरा की ओर जाने वाले वाहनों को मुश्किल होती है। कई बार रांग साइड वाहन हादसे का कारण बनते हैं।
सीएनजी स्टेशनों के पास लगने वाली कतार मथुरा की ओर जाने वालों के लिए बड़ी मुश्किल बनती जा रही है। गुरुद्वारा गुरु का ताल के निकट स्थित स्टेशन पर पहुंचने वाले वाहन पूरा हाईवे जाम कर देते हैं। यहां से गुजरने वाले वाहनों को थ्री लेन होने के बाद भी बमुश्किल सिंगल लेन मिलती है। कई वाहन आड़े तिरछे भी खड़े हो जाते हैं, जो दिन में कई बार पूरी तरह से यातायात रोक देते हैं। वहीं कैलाश मोड़ के निकट भी बुरा हाल है। यहां बड़ी बसें, ऑटो और कार तीन लाइन बनाकर खड़े हो जाते हैं। कुछ बसें तो आधा हाईवे घेर लेती हैं। वाहनों की तिहरी लाइन राहगीरों के लिए जगह ही नहीं छोड़ती है। दिन में कई बार लोग आपस में झगड़ा करते देखे जाते हैं। बुधवार को भी मथुरा की ओर जाने वाले वाहन कई बार जाम में उलझे रहे। प्रशासन भी इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। लापरवाही के कारण कोई बड़ा हादसा हो सकता है।