संक्रांति उत्सव के सहारे, रैली की तैयारी में जुटा संघ, CM Yogi भी रह सकते हैं मौजूद Agra News
बस्ती स्तर पर चल रहे सहभोज खिचड़ी कार्यक्रम। 23 जनवरी की रैली में सम्मिलित होने का हर वर्ग से आह्वान। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे।
आगरा, जागरण संवाददाता। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जागरुकता लाने और समाज तक सही तथ्य पहुंचाने में जुटा संघ और सहयोगी संगठन जगह-जगह गोष्ठियां कर रहे हैं। संघ आगरा के सभी 40 नगरों में गोष्ठियों के माध्यम से पहुंच बना रहा है, तो ग्रामीण स्तर तक भी संपर्क साधा जा रहा है। मकर संक्रांति उत्सव इसमें अहम भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से बस्तियों तक पहुंच बनाई जा रही है।
आरएसएस मकर संक्रांति के अवसर पर सहभोज, खिचड़ी के कार्यक्रम करता है। इस बार कार्यक्रमों में कुछ बदलाव किया गया है। संगठन बस्ती स्तर पर कार्यक्रम कर रहा है, जिसके तहत आगरा की सभी बस्तियों में 20 जनवरी तक आयोजन होंगे। इन कार्यक्रमों में सामाजिक समरसता के साथ ही हर वर्ग को साथ जोडऩे का प्रयास हो रहा है। संक्रांति उत्सव में ही मौजूद सदस्यों को मुख्य वक्ता नागरिकता संशोधन कानून की बारीकियां समझा रहे हैं तो उन्हें 23 जनवरी को कोठी मीना बाजार मैदान में प्रस्तावित रैली के लिए आमंत्रित भी कर रहे हैं। सभी को समझाया जा रहा है कि वे समाज में भ्रम फैलाने वालों पर नजर रखें और भ्रमित लोगों को जागरूक करने का प्रयास करें। ये ही प्रक्रिया ग्रामीण अंचल में ग्राम पंचायत और न्याय पंचायत स्तर पर अपनाई जा रही है। वहां भी गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री रह सकते हैं रैली में मौजूद
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देशभर में हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद अब भाजपा और संघ, जनता के बीच जाकर सीधे संवाद कर रहे हैं और इस मसले से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जा रहा है। कोठी मीना बाजार में होने वाली इस रैली में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आ सकते हैं। इसी के मद्देनजर तैयारियां की जा रही हैं।
हर जिले की रहेगी भागीदारी
आगरा में होने जा रही इस रैली में बृज क्षेत्र के हर जिले की भागीदारी रहेगी। आगरा के अलावा मथुरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज में भी संघ पदाधिकारी संपर्क कर रहे हैं। खिचड़ी महोत्सव के साथ सभी जिलों में जनसंपर्क किया जा रहा है। माना जा रहा है कि रैली में लाखों लोगों की भागीदारी रहेगी।
सीएए पर जागरूक करने आएंगे जेपी नड्डा
आगरा में रैली में भाग लेने के लिए भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी आ रहे हैं। भाजपा हर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क कर रही है।