आगरा कुछ देर रुकने के बाद सीएम योगी दिल्ली के लिए रवाना, मथुरा का दौरा रद Agra News
आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर अधिकारियों के साथ गोपनीय बैठक करनेे के बाद हिंडन एयरपोर्ट के लिए हुए रवाना। दिल्ली के एम्स में जाएंगे सीधे।
आगरा, जेएनएन। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा कुछ देर रुकने के बाद दिल्ली एम्स के लिए रवाना हो गए। दिल्ली में वे पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देने के लिए गए हैं। वे यहां से एयरोप्लेन से सीधे हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए हैं। वहां से वे दिल्ली जाएंगे।
आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंच उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर मथुरा जन्माष्टमी महोत्सव में जाने का कार्यक्रम रद कर दिया। पत्रकारों के साथ औपचारिक बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व वित्त, रक्षा और कानून सहित अनेक मंत्रालयाेें का नेतृत्व करने वाले अरुण जेटली का निधन सिर्फ पार्टी के लिए ही नहीं बल्कि देश के लिए भी अपूर्णनीय क्षति है। सीएम ने कहा कि अरुण जेटली कुशल वक्ता, संसदीय प्रणाली के कुशल ज्ञाता भी थे। जो भी चुनौती उन्हें मिली उसका कुशलता पूर्वक निर्वाहन उन्होंने किया। लंबी बीमारी के बाद उनका देहांत हो गया। ऐसे समय में उनकी आत्मा की शांति और परिजनों एवं शुभचिंतकों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। मथुरा जाने के कार्यक्रम पर कहा कि प्रदेश की ओर से वे अरुण जेटली के निधन पर श्रद्धांजलि देने दिल्ली रवाना हो गए। इसकेे बाद उन्होंने टवीट भी किया।
बता दें कि मुख्यमंत्री का शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा व वृंदावन जाने का कार्यक्रम था। वहां तीन घंटे रुककर योगी को श्री कृष्ण जन्मस्थान में पूजा अर्चना करनी थी। साथ ही अन्य कार्यक्रमों में भी भागीदारी करनी थी। सीएम शनिवार दोपहर सवा दो बजे लखनऊ से आगरा आ गए। यहां खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने खेरिया एयरपोर्ट पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शोक जताया। इस बीच उन्होंने अधिकारियों से कुछ मिनट बात की। फिर दिल्ली रवाना हो गए।