विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नहीं मिलेंगे शादी में चांदी की पायल और बिछिया, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में हुआ बदलाव; मिलेगी अब धनराशि

By Munna Lal Sharma Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 25 Jun 2026 08:02 PM (IST)

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में बदलाव किया गया है, अब बेटियों को पायल-बिछिया के स्थान पर सीधे 4 हजार रुपये ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

HighLights

  1. पायल-बिछिया की जगह अब खाते में 4 हजार रुपये अतिरिक्त।

  2. चांदी की बढ़ती कीमतों के कारण यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया।

मुन्नालाल शर्मा, फतेहाबाद (आगरा)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह करने वाली बेटियों को अब उपहार स्वरूप चांदी की पायल और बिछिया नहीं दी जाएगी। शासन ने योजना में बदलाव करते हुए इन आभूषणों को उपहार सूची से हटा दिया है। इसके स्थान पर लाभार्थी कन्या के बैंक खाते में सीधे 4 हजार रुपए अतिरिक्त भेजे जाएंगे।

नई व्यवस्था के बाद कन्या को मिलने वाली सहायता राशि 60 हजार रुपए से बढ़कर 64 हजार रुपए हो जाएगी। वर्ष 2017 से संचालित योजना के तहत अब तक नवविवाहिताओं को चांदी की पायल और बिछिया उपहार स्वरूप दी जाती थी। लेकिन चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण शासन ने खरीद के बजाय सीधे धनराशि देने का निर्णय लिया है।

इससे लाभार्थी अपनी जरूरत के अनुसार राशि का उपयोग कर सकेंगे। खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाहा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार योजना में संशोधन किया गया है। नई व्यवस्था के तहत पायल और बिछिया के स्थान पर कन्या के खाते में 4 हजार रुपए अतिरिक्त भेजे जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इससे योजना में पारदर्शिता बढ़ेगी और लाभार्थियों को अपनी आवश्यकता के अनुसार खरीदारी करने की सुविधा मिलेगी। ब्लॉक क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 75 जोड़ों के सामूहिक विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

योजना का लाभ लेने के लिए अब तक करीब 120आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जल्द ही पहले चरण के सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

 

प्रमुख बदलाव

● पायल और बिछिया की जगह खाते में मिलेंगे 4 हजार रुपए अतिरिक्त।
● कन्या को मिलने वाली सहायता राशि बढ़कर 64 हजार रुपए हुई।
● चांदी की बढ़ती कीमतों के कारण लिया गया निर्णय।
● ब्लॉक में 75 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य निर्धारित।
● योजना के लिए 120 आवेदन प्राप्त हुए।

शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में संशोधन किया गया है। अब नवविवाहिताओं को पायल और बिछिया देने के बजाय उनके बैंक खाते में 4 हजार रुपए अतिरिक्त भेजे जाएंगे। नई व्यवस्था से लाभार्थियों को अपनी आवश्यकता के अनुसार राशि खर्च करने की सुविधा मिलेगी। इससे योजना का लाभ अधिक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पात्रों तक पहुंच सकेगा।

-

रजत कुशवाहा, खंड विकास अधिकारी