ताज समेत सभी एतिहासिक स्मारकों पर सफाईकर्मियों ने की फिर हड़ताल Agra News
सितंबर 2018 से तैनात बीवीजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के 30 कर्मचारी हैं स्मारकों पर तैनात। एएसआइ द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों पर संभालते हैं सफाई का जिम्मा।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजमहल समेत एएसआइ द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों की सफाई पर फिर से संकट गहरा गया है। स्मारकों के शौचालयों की सफाई के लिए तैनात कर्मचारियों ने फिर से हड़ताल कर दी है। फिलहाल एएसआइ ने स्मारकों पर सफाई की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी है।
दरअसल सितंबर 2018 से दिल्ली मुख्यालय अनुबंधित बीवीजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी एएसआइ द्वारा संरक्षित ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, एत्माददौला आदि स्मारकों पर सफाई व्यवस्था संभालते हैं। कुल 30 कर्मचारियों पर स्मारकों के शौचालयों की सफाई का जिम्मा है। सफाईकर्मियों का कहना है कि विगत छह माह से उन्हें वेतन नहीं मिला। जिसके चलते उन्होंने हड़ताल कर दी है। इससे कुछ दिन पूर्व भी सफाईकर्मियों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया था। हालाकि एएसआइ के अधिकारियों को ज्ञापन देने के कुछ समय बाद कर्मचारी वेतन भुगतान के आश्वासन पर काम पर लौट गए थे। पर्यटकों को सफाईकर्मियों की हड़ताल से परेशानी न हो इसके चलते एएसआइ ने सफाईकर्मियों की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप