छठ पूजा और दीपावली पर रेलवे का तोहफा: आगरा से झांसी और कामाख्या के लिए विशेष ट्रेनें
रेलवे ने छठ पूजा और दीपावली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों की घोषणा की है। निजामुद्दीन-झांसी ...और पढ़ें

Indian Railway News: सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
निजामुद्दीन-झांसी और खातीपुरा-कामाख्या रूट पर चलेंगी।
आगरा कैंट और ईदगाह स्टेशनों पर ठहराव होगा।
जागरण संवाददाता, आगरा। छठ पूजा और दीपावली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने निजामुद्दीन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच अनारक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत तीन-तीन फेरे लगाए जाएंगे। ट्रेन निजामुद्दीन से पांच, छह और सात नवंबर को चलेगी, जबकि झांसी से वापसी में छह, सात और आठ नवंबर को संचालित होगी। ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से शाम 6.50 बजे रवाना होगी।
यह रात 11.10 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी और 11.15 बजे झांसी के लिए रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह छह बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी। वापसी में झांसी से सुबह 6.30 बजे चलेगी। यह सुबह 11.33 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी और 11.35 बजे आगे के लिए रवाना होगी। ट्रेन शाम चार बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में 14 सामान्य कोच और दो एसएलआर कोच समेत कुल 16 कोच होंगे। यात्री सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकेंगे। छठ पूजा के दौरान घर जाने और लौटने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह व्यवस्था की है।
कामाख्या के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
छठ पूजा पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे खातीपुरा-कामाख्या-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन चला रही है। ट्रेन आगरा के ईदगाह स्टेशन पर भी रुकेगी, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी। खातीपुरा से ट्रेन 29 अक्टूबर से 26 नवंबर तक हर गुरुवार को चलेगी। वहीं, वापसी में कामाख्या से 31 अक्टूबर से 28 नवंबर तक हर शनिवार को संचालित होगी। दोनों ओर पांच-पांच फेरे लगाए जाएंगे।
रेलवे के अनुसार खातीपुरा से सुबह 7.40 बजे रवाना होगी। दौसा, बांदीकुई, भरतपुर और अछनेरा होते हुए सुबह 11.40 बजे ईदगाह पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद 11.45 बजे रवाना होगी। ट्रेन टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना, कटिहार और न्यू जलपाईगुड़ी सहित कई स्टेशनों से होकर अगले दिन रात 11.45 बजे कामाख्या पहुंचेगी।
वापसी में कामाख्या से सुबह पांच बजे ट्रेन रवाना होगी। अगले दिन शाम 4.35 बजे ईदगाह पहुंचेगी और 4.40 बजे रवाना होगी। इसके बाद अछनेरा, भरतपुर, बांदीकुई और दौसा होते हुए रात 10.40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इनमें एक एसी द्वितीय श्रेणी, आठ एसी तृतीय श्रेणी, दो एसी इकोनॉमी, तीन स्लीपर, चार सामान्य और दो एसएलआर कोच शामिल हैं।
