अब फौजी को लगा चूना, कार्ड क्लोन कर शातिरों ने खाते से पार कर दी रकम Agra News
पेट्रोल पंप पर पेमेंट करने के बाद हुई क्लोनिंग आठ बार में निकाली रकम। सिकंदरा थाने और साइबर सेल में की शिकायत।
आगरा, जागरण संवाददाता। कार्ड क्लोन कर खाते में सेंधमारी करने के मामले कम नहीं हो रहे हैं। शातिरों ने अब एक फौजी को चूना लगा दिया है। फौजी का कार्ड क्लोन कर शातिरों ने खाते से रकम पार कर दी। जानकारी होने पर उन्होंने थाना सिकंदरा में शिकायत की है। कार्ड क्लोनिंग पेट्रोल पंप पर कार्ड से पेमेंट करने के बाद हुई है।
मलपुरा के मिढ़ाकुर निवासी फौजी घनश्याम सिंह ने 14 नवंबर को आगरा जयपुर हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप से बाइक में तीन सौ रुपये का पेट्रोल डलवाया था। एटीएम कार्ड से तीन बार प्रयास के बाद भी पेमेंट नहीं हुआ। ऐसे में पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी उनसे कार्ड लेकर ऑफिस में रखी मशीन से पेमेंट को उनका कार्ड ले गया। वापस आकर उसने कार्ड और पेमेंट की रसीद दे दी। इसके बाद वे चले आए। 17 नवंबर को उनके खाते से आठ बार में 80 हजार रुपये पार हो गए। बैंक जाने पर पता चला कि यह रकम सिकंदरा स्थित बैंक ऑफ इंडिया और आइसीआइसीआइ बैंक के एटीएम से निकाली गई है। उन्हें इसका पूरा शक पेट्रोल पंप के कर्मचारी पर है। थाना सिकंदरा में उन्होंने तहरीर दी है।