Agra Weather Update: तेज हवा संग दस्तक दे सकता है मानसून, कुछ इलाकों में हुई बारिश
मंगलवार से ताजनगरी में बारिश की झड़ी लगने की संभावना। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री पर रहने का अनुमान।
आगरा, जागरण संवाददाता। लंबे समय से गर्मी और उमस झेलते आ रहे ताजनगरीवासियों को आज से राहत मिलने के आसार हैं। तेज हवा संग मानसून दस्तक दे सकता है, मंगलवार से मानसून की बारिश का पूर्वानुमान है। आज से शुरू होने वाली बारिश आने वाले तीन दिन तक जारी रहेगी। वहीं, सोमवार को कुछ देर के लिए बादल छाए थे और रात को चली तेज हवाएं भी सुखद अहसास करा रही थी और साथ ही मानसून के आगमन के संकेत दे रही थी। सुबह 11 बजे शहर के कुछ इलाकों मेंं बारिश हाेने से राहत महसूस की गई।
सोमवार रात से छाए बादल मंगलवार सुबह भी आसमान में डेरा डाले हैं। तेज हवा भी चलती रही। आज का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को बादल छाने के साथ मानसून दस्तक दे सकता है। तेज हवा चलने के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि मौसम से जुड़ी वेबसाइट एक्यूवेदर ने मंगलवार रात 11 बजे से बारिश शुरू होने का अनुमान जताया है। इससे बुधवार को भी तापमान में गिरावट दर्ज होगी। 26 जून तक बादल छाने के साथ बारिश की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में तापमान 33 डिग्री तक अधिकतम रह सकता है। 27 जून को बादल छा सकते हैं, 28 जून को भी आंधी संग बारिश का पूर्वानुमान है।
इस बार सामान्य रहेगा मानसून
अमूमन ताजनगरी में मानसून जुलाई के मध्य में आकर सक्रिय होता है। हालांकि इसके आने का वैसे समय जून के आखिरी दिन हैं। लेकिन हर साल किसी न किसी कारण के चलते मानसून लेट ही होता रहा था। लॉकडाउन के चलते प्रदूषण कम होने की वजह से मानसून ने रफ्तार पकड़ी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह सक्रिय हो चुका है। अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बारी है। वैसे भी मौसम से जुड़ी साइटों ने इस बार देशभर में मानसून के सामान्य रहने की उम्मीद जताई है। यदि ताजनगरी में मानसून सामान्य रहता है तो भूजल को रीचार्ज होने में मदद मिलेगी।