बाइकर्स गैंग ने मुंबई की महिला पर्यटक को लूटा, पुलिस लगा रही सुराग Agra News
बाइक सवार बदमाश पर्यटन की सोने की चेन लूट ले भागे। किले के पास हुई वारदात।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में पर्यटक के साथ एक और वारदात ने पूरे शहर को शर्मसार कर दिया। ताजमहल देखकर आगरा किला घूमने जा रही मुंबई की पर्यटक को गुरुवार दोपहर बाइकर्स गैंग ने शिकार बना लिया। बाइक सवार बदमाश पर्यटक की सोने की चेन लूटकर भाग गया।
नवी मुंबई सेक्टर नौ निवासी मंगला सिद्धार्थ ताजमहल देखने आईं थीं। वह गुरुवार को दोपहर ढाई बजे प्राइवेट गोल्फ कार्ट में बैठ पुरानी मंडी चौराहे से किला की ओर जा रही थीं। शाहजहां गार्डन गेट के पास पीछे से आया काली पल्सर सवार बदमाश उनके गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ले गया।
कुछ राहगीरों ने बदमाश का पीछा करने की कोशिश की मगर वे चकमा देकर भाग निकला। पुलिस को प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लुटेरा काली जींस और शर्ट पहने था, काला हेलमेट लगाए था। सीओ ताज सुरक्षा मोहसिन खान ने बताया लुटेरे की गिरफ्तारी को दो टीम गठित की हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही हैं। शुक्रवार सुबह तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगे थे।