टूटा द्वार और गड्ढे अपार..कैसे सजेगी यहां 29 से राम की नगरी
29 से होगा रामलीला का मंचन, मेयर ने दौरा कर जाने हालात। संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय से काम पूरा करने के निर्देश
आगरा(जेएनएन): मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की नगरी जहां सजनी है और जहां प्रभु राम के जन्म से लेकर लंका दहन तक का मंचन होना, वो स्थल अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।
मुख्यद्वार से लेकर मैदान के अंदरूनी हिस्सों में टूट फूट और गड्ढे ही गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। सैंकड़ों की संख्या में दर्शकों का हुजूम यहां उमड़ता है लेकिन रामलीला मंचन स्थल को अब तक दुरुस्त नहीं किया गया है।
उत्तर भारत की ऐतिहासिक रामलीला में अब एक पखवाड़े का ही समय शेष है। 29 सितंबर से रामलीला मैदान पर रामलीला का मंचन शुरू होगा, लेकिन मैदान अभी तक बेहाल है। शुक्रवार को मेयर नवीन जैन ने अधिकारियों के साथ इस मैदान का दौरा किया तो रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें समस्याएं बताई।
ताजनगरी की करीब 140 साल पुरानी रामलीला का मंचन रामलीला मैदान में होता है। शुक्रवार दोपहर 12:15 बजे मेयर नवीन जैन अधिकारियों के साथ मैदान पर पहुंचे। उन्हें मुख्य द्वार का फर्श टूटा मिला। मैदान में अवैध दुकानें, पर्यटकों की बसें थीं और गहरे गड्ढे थे। मेयर ने मुख्य द्वार को सही कराने व रंगाई-पुताई के निर्देश पर्यावरण अभियंता राजीव राठी को दिए। इसकी सफाई के लिए मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएम अग्रवाल व जेडएसओ सुरेंद्र यादव को निर्देशित किया। वहीं मैदान से अतिक्रमण व पार्किंग हटवाने को एडीएम सिटी केपी सिंह से वार्ता की। रामलीला कमेटी के महामंत्री श्रीभगवान अग्रवाल ने मैदान को समतल कराने, नाले की तरफ टूटी दीवार बनवाने, राम दरबार के चबूतरे की मरम्मत व रंगाई-पुताई कराने की मांग की। अपर नगर आयुक्त विजय कुमार, अधिशासी अभियंता संजय कटियार, जलकल के महाप्रबंधक आरएस यादव, पर्यावरण अभियंता राजीव राठी, रामप्रकाश अग्रवाल, अजय शुक्ला, प्रवीन गर्ग, अंजुल आदि मौजूद रहे।