भारत में जीते नरेंद्र मोदी, सात समंदर पार बंटी जीत की मिठाई
मैनपुरी शहर के मुहल्ला अवधनगर निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता क्रांति कुमार दीक्षित के पुत्र गौरव दीक्षित अमेरिका की बड़ी कंपनी में मैनेजर हैं।
आगरा, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के परिणाम पर जहां देश भर की नजर थी। वहीं अमेरिका में रह रहे मोदी समर्थक भी चुनाव परिणाम पर टकटकी लगाए बैठे थे। मतगणना के रुझान मोदी के पक्ष में देखते ही मोदी समर्थकों में उल्लास फैल गया। परिणाम घोषित हुआ तो जश्न मनाना शुरू कर दिया।
मैनपुरी शहर के मुहल्ला अवधनगर निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता क्रांति कुमार दीक्षित के पुत्र गौरव दीक्षित अमेरिका की बड़ी कंपनी में मैनेजर हैं। गौरव बताते हैं कि देश के अंदर होने वाली प्रत्येक राजनीतिक गतिविधि पर अमेरिका में बैठे सभी भारतीय अपनी पैनी नजर रखते हैं। अमेरिका में रह रहे भारतीयों में अधिकतर मोदी के समर्थक हैं। मोदी के समर्थन में अपने स्तर से सोशल मीडिया व दूरभाष के जरिए चुनाव प्रचार में भी लगे रहे।
प्रचार अभियान के दौरान भाजपा नेता कलराज मिश्र लगातार गौरव दीक्षित के संपर्क रहे। अमेरिका में रह रहे सभी भारतीय अपने परिचितों, रिश्तेदारों व मिलने वालों से संपर्क कर मोदी के समर्थन में मतदान करने के लिए प्रेरित करने के काम में जुटे रहे। अमेरिकी भारतीयों की मेहनत का सकारात्मक परिणाम सामने आया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मोदी की जीत पर सभी ने जमकर जश्न मनाया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप