विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्य चुनाव आयुक्त के पैतृक घर आगरा में प्रदर्शन, मामले में वीडियो से 15 और लोग पहचाने गए

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 01 Oct 2026 03:09 PM (IST)

आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर हुए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने वीडियो फुटेज ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, आगरा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर कालोनी स्थित पैतृक आवास पर प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने वीडियो के आधार पर 15 और लोगाें को चिन्हित किया है। हालांकि उनके नाम अभी सावर्जनिक नहीं किए हैं। उनकी गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है। वहीं, जेल भेजे गए कांग्रेसियों के विरुद्ध साक्ष्य एकत्रित कर रही है।

विवेचक को तीन अक्टूबर तक विवेचना पूरी करने के आदेश कोर्ट ने दिए हैं। विजय नगर में सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पैतृक आवास पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। आरोप है कि वहां तैनात गार्ड और होमगार्ड पर हमला बोल दिया था।

मामले में पुलिस ने कांग्रेस के छह पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं अनिल यादव, मुकेश धनगर, मनोज गौड़, राजा गौतम, पंकज चौधरी एवं राजेश को मंगलवार सीजेएम कोर्ट में प्रस्तुत किया था कोर्ट ने सभी को जेल भेज दिया था।

मुकदमे में पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध जानलेवा हमला, रास्ता अवरुद्ध करने,सरकारी कार्य में बाधा, गृह अतिचार, दंगा, मारपीट, जान से मारने की धमकी एवं सात क्रिमिनल ला अमेंडमेंट एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें नौ नामजद और 15-20 अज्ञात आरोपित हैं।

डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि वीडियो के आधार पर 15 लोगों को चिन्हित किया गया है। आरोपितों के विरुद्ध पुलिस साक्ष्य एकत्रित कर रही है।

कांग्रेस की ओर से वकीलों ने उठाए सवाल

वहीं, कांग्रेस पदाधिकारियों की ओर से बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाई गयी धाराओं पर सवाल उठाए थे। जिस पर कोर्ट ने विवेचक को निर्देशित किया है कि घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता या अनुपलब्धता के संबंध में मौके का सत्यापन करते हुए स्पष्ट तथ्य केस डायरी में अंकित करें।

यदि कैमरे उपलब्ध हों तो उनसे संबंधित फुटेज व अन्य इलेक्ट्रानिक साक्ष्य विधिनुसार संकलित करें। विवेचक को तीन अक्टूबर तक हर संभव प्रकार से विवेचना पूर्ण करनी होगी। विवेचना के बाद यदि यह पाया जाता है कि आरोपियों के खिलाफ धारा का अपराध नहीं बनता है उक्त धारा का लोप किया जाए।