CBSE 10th Result: तीन मुख्य विषय तय करेंगे परिणाम का भविष्य, जानिए क्या हैं बोर्ड के दिशा− निर्देश
CBSE 10th Resultसीबीएसई करा रहा है 10वीं के विद्यार्थियों का परिणाम तैयार। मुख्य तीन विषयों के अंकों के आधार पर मिलेंगे अतिरिक्त विषय में अंक। 10वीं का परिणाम तैयार करने के लिए बोर्ड ने स्कूलों में पांच विषयों के शिक्षकों की कमेटी बनाई है।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमण के बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं की परीक्षा रद हो चुकी है। परिणाम जारी करने को बोर्ड तीन मुख्य विषय के अंकों के आधार पर अतिरिक्त विषय के अंक तय करेगा। इस लिहाज से जिन विद्यार्थियों ने अतिरिक्त विषय लिया है, उन्हें गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में प्राप्त अंकों के आधार पर अतिरिक्त विषय में अंक दिए जाएंगे। बोर्ड ने सभी स्कूलों को इसके दिशा-निर्देश भेज दिए हैं।
सीबीएसई 10वीं में विद्यार्थियों को सात विषय चुनने का विकल्प देता है। इसमें पांच मुख्य विषय गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी और हिंदी होते हैं। साथ में दो अतिरिक्त विषय लिए जा सकते हैं। अतिरिक्त विषय में आइटी के साथ स्किल सब्जेक्ट या भाषा को विषय के रूप में ले सकते हैं। इस बार परीक्षा रद होने के बाद बोर्ड ने जो नई मूल्यांकन नीति निर्धारित की है, उसमें तीन मुख्य विषयों के आधार पर अतिरिक्त विषय के अंक निकाले जाने है।
यह है वर्तमान स्थिति
10वीं का परिणाम तैयार करने के लिए बोर्ड ने स्कूलों में पांच विषयों के शिक्षकों की कमेटी बनाई है, जिसमें गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान के साथ भाषा के दो शिक्षक शामिल हैं। साथ ही बोर्ड ने सत्र 2019 में 10वीं में दो प्रकार के गणित लागू किए, पहला बेसिक और दूसरा स्टैंडर्ड गणित। विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में बेसिक व स्टैंडर्ड गणित चुना। गणित विषय का परिणाम सत्र 2020 सत्र के आधार पर तैयार होगा। इसमें विद्यार्थियों को जितने अंक मिले थे, उसी आधार पर अंक दिए जाएंगे।
चल रही है तैयारी
सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर डा. रामानंद चौहान ने बताया कि 10वीं का परिणाम तैयार करने के लिए तेजी से काम चल रहा है। विद्यार्थियों को मुख्य तीन विषय में प्राप्त अंकों के आधार पर दो अतिरिक्त विषयों में अंक देने की तैयारी है। इसके लिए विस्तार में दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।