मिशनरी सभा में मारपीट मामले में हिंदू संगठन के लोगों पर मुकदमा, बढ़ गई तनातनी
ताजगंज के होटल में मिशनरी के लोगों ने बुलाई थी प्रार्थना सभा। धर्म परिवर्तन को उकसाने के आरोपितों को थाने से जमानत।
आगरा, जासं: ताजगंज के होटल में सोमवार को मिशनरी की सभा में हंगामे पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता फंस गए हैं। मिशनरी के सदस्य ने उनके खिलाफ मारपीट और महिलाओं से अभद्रता का मुकदमा दर्ज कराया है।
फतेहाबाद मार्ग स्थित होटल समोवर में मंगलवार को मिशनरी के सदस्यों ने प्रार्थना सभा बुलाई थी। जानकारी पर विहिप पदाधिकारी और कार्यकर्ता वहां पहुंच गए थे। उन्होंने मिशनरी सदस्यों पर दलित समाज के लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया था। इस दौरान मिशनरी सदस्यों से मारपीट हो गई थी। पुलिस ने सात सदस्यों को मौके से गिरफ्तार किया था। विहिप की ओर से उनके खिलाफ ताजगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने सभी आरोपितों को थाने से जमानत दे दी। मिशनरी सदस्य सेवला, सदर निवासी रवि पास्टर की ओर से तहरीर दी गई। जिसके अनुसार वह लोग होटल में प्रार्थना सभा कर रहे थे। वहां पहुंचे हिंदू संगठन के रवि, संजय, दिव्यांशु, गोविंद अतुल आदि ने हंगामा और तोडफ़ोड़ की। लोगों पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाने लगे। विरोध पर महिलाओं से भी अभद्रता की।
इंस्पेक्टर ताजगंज डॉ. विनोद कुमार पायल ने बताया मारपीट और हंगामे के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना की जा रही है।
मुकदमा वापस न हुआ तो आंदोलन
मुकदमा दर्ज होने से विहिप में रोष है। उसने प्रशासन द्वारा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमा वापस न लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर ने कहा कि प्रशासन ने मुकदमा खत्म नहीं लिया तो विहिप कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे।