दवा व्यापारी के कर्मचारी को गोली मारी
आरबीएस चौराहे की घटना पेट में लगी है गोली हमले के पीछे तीन लोगों के नाम लिए चल रही है रंजिश
आगरा, जागरण संवाददाता। आरबीएस चौराहे पर मंगलवार की रात दवा व्यापारी के कर्मचारी को गोली मार दी। घटना से व्यस्त चौराहे पर अफरातफरी मच गयी। घायल को दिल्ली गेट के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के पीछे घायल ने अलीगढ़ के तीन लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। उनसे मुकदमा चल रहा है। वह समझौते का दबाव बना रहे थे।
घटना रात नौ बजे की है। न्यू आगरा के नगला बूढ़ी निवासी जानी बाग फरजाना में जगदीश वर्मा के मेडिकल स्टोर पर कर्मचारी है। जानी ने पुलिस को बताया कि वह बंदरों को केले खिलाने पैदल जा रहा था। आरबीएस कालेज के गेट के पास काले के ताल की ओर जाती रोड पर अंधेरे में किसी ने उसके पेट में गोली मार दी। उसने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जानी ने पुलिस को बताया कि वह हमलावरों को देख नहीं सका।
पुलिस के अनुसार जानी का कहना है कि उसका अलीगढ़ के थाना बन्ना देवी क्षेत्र निवासी विक्रम ठाकुर, नरेश श्रीवास्तव और महेंद्र जैन से रंजिश चल रही है। तीनों उसे अपने साथ अलीगढ़ लेकर गए थे। वहां उसे नशीली दवा खिलाकर बेहोश कर दिया था। उसने तीनों के खिलाफ बन्ना देवी थाने में जहरखुरानी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपित उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। मंगलवार को भी लगातार फोन करके राजीनामा का दबाव बनाते रहे। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि जानी को गोली लगी है। हमला किसने और क्यों किया, जांच की जा रही है। जिनसे रंजिश बता रहा है, उनसे पूछताछ की जाएगी। आरबीएस चौराहे के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं। दुकान पर नहीं आया था कर्मचारी
पुलिस के अनुसार मेडिकल स्टोर के स्टाफ से जानकारी की गयी। वहां पता चला कि मंगलवार को जानी दुकान पर नहीं आया था। स्टाफ ने मंगलवार को जानी द्वारा बंदरों को केले खिलाने जाने की बात सही बतायी।