Theft in Agra: आगरा समेत आसपास के जिलों में भैंस चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
Theft in Agra फतेहपुर सीकरी में पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश में थे बदमाश। पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचे बदमाश पूछताछ में कई घटनाएं कुबूलीं। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में दस दिन पहले एक वृद्ध काे चारपाई से बांधकर बदमाश दो भैंस चोरी कर ले गए थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। भैंस चोरों का गैंग देहात में कहर बरपा रहा था। आगरा के गांवों में भैंस चोरी कर चुका यह गैंग फायरिंग भी करता था। आगरा के आसपास के जिलों में भी वारदातें कर चुका था। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में पुलिस पर फायरिंग कर बदमाश भाग रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच दबोच लिए। पूछताछ में शातिरों ने कई घटनाएं कुबूली हैं।
फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में दस दिन पहले एक वृद्ध काे चारपाई से बांधकर बदमाश दो भैंस चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा खंदौली और बरहन क्षेत्र में भी पशु चोरी की कई घटनाएं हो चुकी थी। पिछले दिनों पशु चोरों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसके बाद बदमाश भैंस छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। शुक्रवार रात को पुलिस ने फतेहपुर सीकरी में बदमाशों की घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने पीछा करके पांच बदमाश गिरफ्तार कर लिए। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने आगरा के अलावा एटा और फीरोजाबाद में भी कई घटना कर चुके हैं। सभी घटनाएं बदमाशों ने कुबूल ली हैं।
यह पशु चोर किए गए गिरफ्तार
फीरोजाबाद के नारखी में डेरा बंजारा निवासी अतरा खान, यूनुस उर्फ बावले, इरफान, लुलिया और थाना दक्षिण में मुरली नगर निवासी विजय सिंह ।