आखिर क्यूं..देवर ने भाभी पर चला दीं ताबड़तोड़ गोलियां और खुद भी सो गया मौत की नींद
वारदात के वक्त घर पर कोई नहीं था मौजूद। मौके पर पहुंचे एसपी देहात कर रहे छानबीन।
आगरा(जेएनएन): घर में सुबह के कामों में व्यस्त महिला को उसी के देवर ने गोलियों से भून डाला। इसके बाद जाने क्या सूझी की घर के बाहर आकर खुद को भी गोली से उड़ा दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने जब गोलियों की आवाजें सुनी तो कुछ समझ नहीं पाए। जब आवाजों की तरफ दौड़े तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना फीरोजाबाद के थाना नगला खंगर के गांव गलपुरा की है। सोमवार सुबह 22 वर्षीय सुनीता उर्फ सोनी पत्नी बंटी घर के कामों में व्यस्त थी। तभी अचानक से सोनी के 20 वर्षीय देवर बबलू पुत्र सियाराम ने गोली मार दी। गोली लगते ही सोनी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई। गिरते ही उसकी मौत हो गई। आस पास के लोग गोली चलने की आवाज से जब तक कुछ समझ पाते तब तक घर से बाहर आकर सड़क पर ही बबलू ने खुद को भी गोली से उड़ा दिया। वारदात के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। आस पास के लोग लगातार गोलियां चलने की आवाज से मौके के ही ओर दौड़े। एक ही परिवार के दो लोगों की इस तरह से मौत के कारण सभी स्तब्ध रह गए। सुबह के वक्त हुई वारदात किसी के भी समझ नहीं आ रही थी। किसी ने पुलिस को वारदात की सूचना दे दी। सूचना पर घटनास्थल पर एसपी देहात महेंद्र सिह पहुंच गए। परिजनों और आस पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पड़ताल कर रही है कि आखिर क्यों बबलू ने अपनी भाभी को मारा और फिर क्यों खुद भी मौत की नींद सो गया।