Honour Killing: ऑनर किलिंग में भाई और चाचा गए जेल, अब बहनों की भूमिका की भी जांच
मैनपुरी के गांव नगला कले में बीते 19 नवंबर को रूबी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। स्वजनों ने मामले को हादसा बता शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। दो दिन बाद जालौन निवासी सुनील कुमार गुप्ता ने स्वजनों पर ऑनर किलिंग का आरोप लगाया था।
आगरा, जेएनएन। मैनपुरी के थाना किशनी के गांव नगला कले निवासी रूबी की स्वजनों ने हत्या कर दी थी। घटना की रिपोर्ट रूबी के पिता, भाई और चाचा के अलावा बहन मनीषा और शिल्पी के खिलाफ भी दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस भाई और चाचा को जेल भेज चुकी है, अब आराेपित बहनों की भूमिका की जांच भी की जा रही है।
गांव नगला कले में बीते 19 नवंबर को रूबी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। स्वजनों ने मामले को हादसा बता शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। दो दिन बाद जालौन निवासी सुनील कुमार गुप्ता ने स्वजनों पर आनर किलिंग का आरोप लगाया था। सुनील कुमार गुप्ता का कहना था कि उसने रूबी से प्रेम विवाह किया था। रूबी के स्वजन इससे नाराज थे। रविवार दोपहर में जांच के बाद पुलिस ने सुनील कुमार गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमे पिता सूर्यप्रताप सिंह, चाचा रामू सिंह, भाई सौरभ सिंह और बहनें मनीषा व शिल्पी को नामजद किया गया है।
इसके बाद रविवार को ही चाचा रामू सिंह और भाई सौरभ सिंह को जेल भेज दिया गया था। अब पुलिस अन्य आरोपितों की घटना में भूमिका की जांच कर रही है। आरोपित मनीषा और शिल्पी विवाहित हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के समय दोनों अपनी ससुराल में थी। हालांकि रूबी द्वारा प्रेम विवाह कर लिए जाने के बाद दोनों बहनें फोन पर उसके साथ बातचीत करती थीं। मनीषा, शिल्पी द्वारा हत्या में किस प्रकार की भूमिका निभाई गई है। इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है।