खंदौली के सेमरा गांव में कब्रिस्तान की दीवार तोड़ी, समुदाय विशेष में आक्रोश
खंदौली में माहौल खराब करने की कोशिश पुलिस ने नई दीवार लगवाई पुलिस ने कहा जांच के बाद होगी कार्रवाई
जेएनएन, आगरा। खंदौली के सेमरा गांव में अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। उन्होंने कब्रिस्तान की दीवार तोड़ दी। इससे समुदाय विशेष के लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो गया। पुलिस ने तत्काल नई दीवार लगवाकर हालात पर काबू पाया। साथ ही अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिया।
गुरुवार सुबह चिरागी जलाने आए लोगों ने कब्रिस्तान की टूटी दीवार देख इसकी सूचना समुदाय के अन्य लोगों को दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। इधर, जानकारी पर सीओ एत्मादपुर अर्चना सिंह, राजस्व अधिकारी ललित नारायण सिंह, लेखपाल सुरेश यादव मय पुलिस बल के पहुंच गए। रईस कुरैशी ने पुलिस से कहा कि अराजक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के तहत दीवार तोड़ी गई है। पुलिस ने राजमिस्त्री को बुलवाकर तत्काल नई दीवार लगवाई। इसके बाद ही लोगों का गुस्सा शांत हुआ। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह निर्वाल का कहना है कि मामले में रईस कुरैशी ने तहरीर दी है। जांच के बाद अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।