हाथों में मेहंदी लगाए बरात का इंतजार कर रही दुल्हन ने कर दिया शादी से इंकार, जानिए क्या रही वजह Agra News
मैनपुरी शहर कोतवाली के गांव बुर्रा का मामला। नाराज दुल्हन पक्ष ने दूल्हेे के घर जाकर कर दी मारपीट।
आगरा, जेएनएन। लाल जाेड़े में सज संवर कर, हाथों में मेहंदी लगाए दुल्हन ने घंटों इंतजार के बाद शादी से इंकार कर दिया। शाम से रात हुई, रात से देर रात हो गई लेकिन बरात लेकर दूल्हा नहीं पहुंचा। गुससे में आकर दुल्हन पक्ष के लोगों के दूल्हे के घर जाकर मारपीट कर दी।
मामले के अनुसार मैनपुरी शहर कोतवाली के गांव बुर्रा निवासी पंकज का विवाह बेवर के चनेपुर निवासी अंजू पुत्री विनोद के साथ तय हुआ था। शुक्रवार को बरात चनेपुर पहुंचनी थी। देर रात तक बरात नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष परेशान हो गया। जानकारी के लिए रात में ही दुल्हन पक्ष के कई लोग गांव बुर्रा आ गए। आरोप है कि दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष के घर में घुसकर मारपीट तोड़फोड़ की है। दुल्हन पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर बरात न लाने का आरोप लगाया है। उधर वर पक्ष कुछ और कहानी बता रहा है। वरपक्ष का कहना है कि बरात के वाहन उपलब्ध न हो पाने के कारण बरात लेट हो गई थी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि बरात की तैयारी के समय दूल्हे के पिता ने शराब पीकर हंगामा कर दिया। अब दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।