विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा में गैस की परेशानी: वाणिज्यिक कमी से घरेलू आपूर्ति बाधित, नोट करें ये नंबर, बुकिंग के बाद घर बैठे मिलेगा सिलिंडर

Published: Sat, 14 Mar 2026 12:46 PM (GMT+05:30)

होटल-रेस्तरां में घरेलू सिलिंडरों के उपयोग से बुकिंग 16 हजार से बढ़कर 20 हजार प्रतिदिन हो गई है, जबकि डिलीवरी ...और पढ़ें

सिलिंडर का फाइल फोटो।

सिलिंडर का फाइल फोटो।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, आगरा। कमर्शियल सिलिंडरों की न मिलने से जिले में घरेलू सिलिंडरों की बुकिंग और डिलीवरी गड़बड़ा गई है। होटल, रेस्टोरेंट, रेलवे स्टेशनों, हॉस्टल सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हर दिन 25.3 मीट्रिक टन गैस की खपत है। गैस न मिलने के चलते बड़े पैमाने पर घरेलू सिलेंडरों का प्रयोग किया जा रहा है। इससे सिलेंडरों की बुकिंग 16 हजार से बढ़कर एक दिन में 20 हजार पहुंच गई है।

16 हजार से बढ़कर एक दिन में 20 हजार घरेलू सिलिंडरों की बुकिंग

इसके सापेक्ष 18 हजार सिलिंडरों की डिलीवरी हो रही है। दो हजार सिलिंडरों की कमी को एजेंसियों के पास पूर्व में रखे हुए सिलिंडरों से पूरा किया जा रहा है। अन्य दिनों के मुकाबले शुक्रवार को तीनों ऑयल कंपनियों के पोर्टल में गैस की बुकिंग आसानी से हुई। शहर से लेकर देहात क्षेत्र की 80 प्रतिशत गैस एजेंसियों और गोदामों में उपभोक्ताओं की भीड़ रही। उपभोक्ताओं को चार से सात घंटे तक लाइन में लगना पड़ा।

18 हजार सिलिंडरों की हुई डिलीवरी

जिले में 89 गैस एजेंसियों में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 13.57 लाख उपभोक्ता हैं। सप्ताहभर पूर्व एक मिनट में 11 उपभोक्ता सिलिंडरों की बुकिंग करते थे जो अब बढ़कर 13 हो गई है। बुकिंग के 24 घंटे में 16 हजार सिलिंडरों की डिलीवरी हो रही थी। अगर कमर्शियल सिलिंडरों की बात की जाए तो जिले में 14 हजार उपभोक्ता हैं। हर दिन 25.3 मीट्रिक टन गैस की खपत है।

25.3 मीट्रिक टन कमर्शियल सिलिंडरों की है हर दिन खपत

अमेरिका-इजरायल और ईरान संघर्ष के चलते कमर्शियल सिलिंडरों का संकट खड़ा हो गया है। होटलों-रेस्टोरेंट, रेलवे स्टेशनों, हास्टलों सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सिलिंडर ठीक से नहीं पहुंच रहे हैं। इससे लोग घरेलू सिलिंडरों का अधिक प्रयोग कर रहे हैं। इससे जल्द बुकिंग कराई जा रही है।

इसका असर ऑयल कंपनियों के पोर्टल पर पड़ रहा है और सर्वर की गति धीमी हो गई है। यहां तक टोलफ्री नंबर भी ठीक तरीके से कार्य नहीं कर रहे हैं। हाल यह है कि 935.50 रुपये के सिलेंडर को 1400 से 1700 रुपये में बेचा जा रहा है।

गैस एजेंसियों और गोदामों में रही उपभोक्ताओं की भीड़

शुक्रवार को आपूर्ति विभाग की टीम ने जिले की 42 गैस एजेंसियों में जांच की। सबसे अधिक भीड़ मयूर गैस एजेंसी जयपुर हाउस, विक्रमादित्य गैस एजेंसी शाहगंज, स्वामीगैस एजेंसी शास्त्रीपुरम, मारुत गैस एजेंसी न्यू आगरा, ताज गैस एजेंसी राजा की मंडी स्टेशन रोड, नवोदय गैस एजेंसी कमलानगर, सरला गैस एजेंसी सुल्तानगंज की पुलिया, अनुज गैस एजेंसी न्यू आगरा, एसी फ्यूल्स ट्रांसयमुना कॉलोनी, पालीवाल फ्लेक्स सिटी स्टेशन रोड में मिली।

डीएसओ आनंद सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 20 हजार सिलिंडरों की बुकिंग हुई जिसमें 18 हजार की आपूर्ति की गई। वर्तमान में 25 से 36 घंटे के भीतर सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।

इसलिए उपभोक्ताओं को आ रही है परेशानी

  1. दो लाख उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी नहीं कराया है।
  2. अपने पंजीकृत मोबाइल से उपभोक्ता आसानी से केवाईसी करवा सकते हैं।
  3. गैस की बुकिंग पंजीकृत मोबाइल नंबर से ही करें।
  4. एक से दूसरे सिलेंडर की बुकिंग में 25 दिनों का अंतर होना चाहिए लेकिन हजारों की संख्या में उपभोक्ता जल्द दूसरा सिलेंडर चाहते हैं।


यह हैं ऑयल कंपनियों के टोल फ्री नंबर 

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आइओसी), 18002333555
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (बीपीसी),1800224344
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (एचपीसी), 18002333555
मिस्ड कॉल से आईओसी के सिलिंडर की बुकिंग : 8454955555

यह है जिलास्तरीय हेल्पलाइन नंबर : 0562-2972453 

बुकिंग कराएं और घर बैठे मिलेगा सिलिंडर

तीनों ऑयल कंपनियों द्वारा उपभोक्ताओं को गैस की कमी न होने को लेकर मैसेज भेजे जा रहे हैं। ऑल इंडिया इंडेन वितरक संघ के राष्ट्रीय सचिव विपुल पुरोहित ने बताया कि उपभोक्ता घर बैठे गैस की बुकिंग पोर्टल के माध्यम से करा सकते हैं। संबंधित नंबर पर मिस कॉल देने पर भी बुकिंग हो रही है। बुकिंग के 24 से 36 घंटे के भीतर सिलिंडरों की डिलीवरी की जा रही है। उपभोक्ताओं को गोदामों में जाने की जरूरत नहीं है। एक बार बुकिंग के बाद 25 दिन के बाद दूसरी बुकिंग होगी।