भाजपा करेगी 58 दिनों 70 कार्यक्रम, संगठन महामंत्री ने बताई ये रूपरेखा
15 जनवरी से शुरू होंगे भाजपा के सिलसिलेवार कार्यक्रम। सुनील बंसल ने दी नसीहत नाराज कार्यकर्ताओं को मनाया जाए।
आगरा, जेएनएन। लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ताबड़तोड़ कार्यक्रम और रैलियां आयोजित करने जा रही है। इस सिलसिले में क्षेत्रीय पदाधिकारियों को आपस में सामन्जस्य बनाने और तैयारियों करने के निर्देश दे गए संगठन महामंत्री सुनील बंसल।
फीरोजाबाद के जसराना में संगठन की बैठक करने पहुंचे महामंत्री ने कहा कि भाजपा 58 दिनों में 70 कार्यक्रम तैयार कर रही है। सिलसिलेवार कार्यक्रमों के अंतर्गत दिल्ली में राष्ट्रीय अधिवेशन जल्द होगा। 15 जनवरी से सैनिक सम्मान समारोह। मेरा परिवार भाजपा परिवार अभियान तीन मार्च से चलेगा। बूथ और सेक्टर प्रभारी इस अभियान को पूरा करेंगे। 26 फरवरी को कमल ज्योति अभियान। दो मार्च को बाइक रैली। इसके अलावा युवा संसद का कार्यक्रम कमिश्नरी स्तर पर होगा। इसमें सभी पदाधिकारी शामिल होंगे।
उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कहा कि चुनाव का शंखनाद करने के लिए नौ जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं। उनके आगमन से पूर्व विधायक और सांसदों के आपसी मतभेद खत्म हो जाएं। नाराज कार्यकर्ताओं को मनाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता निराश न हों। बैठक के बाद महामंत्री आगरा सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए रवाना हो गए। बता दें कि प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व सीएम योगी आगरा में तैयारियों को परखने पहुंचे हैं।