Move to Jagran APP

Agriculture Bill: बिचौलियों पर हुआ प्रहार तो बिलबिला उठा विपक्ष: राजकुमार चाहर

Agriculture Bill ट्रैक्टर रैली में गरजे भाजपा किसान मोर्चा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष एवं सांसद राजकुमार चाहर। विपक्ष पर साधा जमकर निशाना। किसानों के बीच बताए कृषि विधेयक से होने वाले लाभ।रैली में ट्रैक्टरों का पूजन कर पिछले दिनों कांग्रेस द्वारा ट्रैक्टर जलाए जाने का करारा जवाब दिया।

By Prateek GuptaEdited By: Published: Wed, 07 Oct 2020 09:47 AM (IST)Updated: Wed, 07 Oct 2020 04:28 PM (IST)
Agriculture Bill: बिचौलियों पर हुआ प्रहार तो बिलबिला उठा विपक्ष: राजकुमार चाहर
तारघर मैदान पर किसान रैली का शुभारंभ करते भाजपा किसान मोर्चा अध्‍यक्ष राजकुमार चाहर व सांसद एसपी सिंह बघेल।

आगरा, जागरण संवाददाता। कृषि विधेयक का विरोध कर रहे राजनीतिक दलों को जवाब देने के लिए भाजपा की टीम भी मैदान में उतर आई है। ट्रैक्टर रैली आयोजित कर तारघर मैदान से विपक्ष पर निशाने साधे गए। कहा कि कृषि सुधार विधेयक को लेकर किसानों के बीच विपक्ष भ्रम फैला रहा है लेकिन इसमें वह कामयाब नहीं हो पाएंगे। क्योंकि देश का किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। रैली में ट्रैक्टरों का पूजन कर पिछले दिनों कांग्रेस द्वारा ट्रैक्टर जलाए जाने का करारा जवाब दिया।

loksabha election banner

भाजपा की ट्रैक्टर रैली में विभिन्न क्षेत्रों से किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर तारघर मैदान पर एकत्रित हुए। मैदान में एक से दूसरे छोर तक ट्रैक्टरों की कई लाइन लग गईं। किसान माेर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि पंजाब व महाराष्ट्र के कुछ नेता अपने निजी स्वार्थों के चलते किसानों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन देश का किसान समझदार है। वह उनके भ्रमजाल में नहीं फंसने वाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा किसान हितों को सर्वोपरि रखा है। किसानों की आय दोगुनी हो, इसलिए इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। कहा कि इस विधेयक के पास होने से बिचौलियों का कोकस टूटेगा। सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि किसानों को इस विधेयक से लाभ मिलेगा। आमदनी बढ़ती देख नई पीढ़ी अब खेती के प्रति आकृषित होगी। नेताओं के संबोधन के बाद रैली स्थल पर ट्रैक्टरों का पूजन किया गया। इसके बाद प्रतापपुरा स्थित सिंचाई विभाग में लगी महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह तथा अवंतीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जितेंद्र वर्मा, पक्षालिका सिंह, महेश गोयल, हेमलता दिवाकर, जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, पूर्व विधायक छोटे लाल वर्मा, डा. राजेंद्र सिंह, रामसकल गुर्जर, प्रशांत पौनिया, डा. संजीव सिंह, यशपाल राणा, बबिता चौहान आदि मौजूद थे।

ऐन वक्त पर बदला कार्यक्रम

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत तारघर मैदान पर नेताओं के संबोधन के बाद एमजी रोड होते हुए दीवानी चौराहा स्थित भारत माता मंदिर तक ट्रैक्टर रैली आयोजित होनी थी। मगर, ट्रैक्टरों की संख्या देख मौके पर मौजूद पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों का पसीना छूट गया। आनन-फानन में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अधिकारियों ने आयोजकों से अनुरोध किया कि वह इतने ट्रैक्टर लेकर एमजी रोड पर न निकलें। शहरवासियों की समस्या को देखते हुए एेन वक्त पर कार्यक्रम में बदलाव किया गया। भारत माता मंदिर तक न जाकर गिने-चुने ट्रैक्टर लेकर भाजपाई प्रतापपुरा चौराहा स्थित सिंचाई विभाग तक गए।

राजकुमार का स्वागत

किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार शहर आए सांसद राजकुमार चाहर का किसानों और पार्टी नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया गया। किसी ने मुकुट पहनाया तो किसी ने गदा भेंट की।

स्टंट करते पलटा ट्रैक्टर

रैली में दूर-दूर से किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर आए थे। इसमें अधिकांश युवा ट्रैक्टर चलाकर लाए थे। एक युवक बीच मैदान में तेज गति कर ट्रैक्टर से स्टंट करने लगा। इसी बीच संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर पलट गया। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। ट्रैक्टर में से धुंआ उठने लगा। किसानों ने मिलकर ट्रैक्टर खड़ा किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.