MLC Election: आगरा में भाजपा का खुला चुनाव कार्यालय, जीत को दोगुने जोश से जुटेंगे कार्यकर्ता
MLC Election खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव का संजय प्लेस स्थित अवध बैंकट हाल से होगा संचालन। ब्रजक्षेत्र संगठन मंत्री भवानी सिंह ने हवन पूजन कर कार्यालय का शुभारंभ कराया। वोटरों से सीधे संपर्क के लिए मतदाता सम्मेलन का आयोजन विधानसभा क्षेत्र स्तर पर किया जाना है।
आगरा, जागरण संवाददाता। खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में भगवा परचम लहराने के लिए भाजपा ने पार्टी के दिग्गजों से लेकर कार्यकर्ताओं तक को जिम्मेदारी सौंप रखी है। चुनाव प्रक्रिया के विधिवत संचालन के लिए जिला स्तर पर कार्यालय का उद्घाटन भी किया जा रहा है। सोमवार को संजय प्लेस स्थित अवध बैंकट हाल में कार्यालय का शुभारंभ हुआ।
ब्रजक्षेत्र संगठन मंत्री भवानी सिंह ने हवन, पूजन कर कार्यालय का शुभारंभ कराया। इसके बाद पार्टी के दिग्गजों, जनप्रतिनिधियों ने मौजूद पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में जोश भरा। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल का कहना था कि संगठन को मजबूत बनाने में कार्यकर्ताओं का योगदान होता है। हमें क्षेत्रवार वोटरों की सूची के अनुसार उनसे नियमित संपर्क करना है। केंद्र और प्रदेश सरकार के हर वर्ग के लिए किए जा रहे कार्य उन्हें गिनाने है और अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करना है। विधायक रामप्रताप सिंह चौहान का कहना था कि वोटरों से सीधे संपर्क के लिए मतदाता सम्मेलन का आयोजन विधानसभा क्षेत्र स्तर पर किया जाना है, इसके लिए 25 से 28 नवंबर निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही हमें अपने संपर्क के लोगों तक पहुंच बनाने के साथ ही सूची के आधार दूसरे वोटरों से भी संपर्क करना है। प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे का कहना था कि ये चुनाव जनसभा और रैली वाला नहीं है। इसमें समाज के प्रबुद्धजनों से संपर्क करना है और उनके माध्यम से वोटरों तक पहुंच बनानी है। इसके साथ ही टोलियों के माध्यम से वोटरों तक पहुंचना है। महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने सभी को पूरे जोश के साथ जुटने को कहा। इस दौरान विधायक पक्षालिका सिंह, विधायक महेश गोयल, ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, महामंत्री हेमेंद्र शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, अवधेश रावत, मनोज शर्मा, राजकुमार पथिक आदि मौजूद थे।