Agra Crime News: पार्टियों का खर्च उठाने से किया इंकार तो BJP नेता ने कर दिया था दोस्त का सिर धड़ से अलग
Agra Crime News सिकंदरा के अरसेना में चार अगस्त की आधी रात को किया चाकू से काटा था व्यापारी का सिर। पुलिस ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष टिंकू भार्गव व अनिल के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में किया प्रेषित। काल रिकार्डिंग से मिली कई अहम जानकारीं।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा के अरसेना में दोस्त का सिर धड़ से अलग करने वाले भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष टिंकू और उसके साथी अनिल जाटव के विरुद्ध पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित कर दिया है। पुलिस ने 40 लोगों को गवाह बनाया है। पुलिस की विवेचना में सामने आया कि भाजपा नेता टिंकू भार्गव उर्फ यतेंद्र की पार्टियों और घूमने फिरने का खर्चा दोस्त नवीन वर्मा उठाता था। बाद में टिंकू उसे सार्वजनिक स्थलों पर गाली-गलौज कर अपमानित करने लगा था। नवीन वर्मा की पत्नी प्रीति भी टिंकू को पसंद नहीं करती थी। वह शराब पीता था, नवीन को भी अपने रंग में रंगना चाहता था। जिस पर प्रीति पति को उससे मिलने जुलने के लिए मना करती थी। अपने घूमने-फिरने और पार्टियों का खर्चा उठाना बंद करने से आक्रोशित होकर भाजपा नेता ने नवीन वर्मा की हत्या का षड़यंत्र रचा था।
क्या हुआ था चार अगस्त की रात
लोहामंडी की तरकारी वाली गली निवासी 38 वर्षीय नवीन वर्मा गिलट की पायल बनाने का काम करते थे। चार अगस्त 2022 की रात आधी रात को सिकंदरा पुलिस ने हाईवे से लगे अरसेना के जंगल में टिंकू भार्गव उसके साथी अनिल को गिरफ्तार किया था।उनकी कार से नवीन वर्मा का कटा हुआ सिर बरामद किया था। सड़क किनारे नवीन का सिर विहिन धड़ बरामद किया था। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस को विवेचना में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष टिंकू और नवीन वर्मा के मोबाइल की काल रिकार्डिंग से साक्ष्य जुटाने में काफी मदद मिली। छत्ता के भैरो बाजार निवासी टिंकू और नवीन में करीब सात वर्ष से गहरी मित्रता थी। टिंकू के आगरा से बाहर आने-जाने और उसकी दारू पार्टियाें का खर्चा नवीन वर्मा उठाता था। भाजपा नेता ने नवीन को पार्टी में पद दिलाने का लालच दिया था। कुछ महीने से टिंकू का व्यवहार और बातचीत का अंदाज दोस्ताना नहीं रह गया था। वह फोन पर और सार्वजनिक स्थलों पर उसे गाली देकर बात करने लगा था।
ये बात नवीन वर्मा को बुरी लगी। उसने टिंकू और उसकी पार्टियों का खर्च उठाने से किनारा करना शुरू कर दिया था। यहीं से टिंकू उससे रंजिश मानने लगा। उसकी हत्या की साजिश रची। जिसमें अपने साथी अनिल निवासी भैरो बाजार को शामिल किया था।
महत्वपूर्ण तथ्य
-टिंकू और अनिल के बीच 31 जुलाई से चार अगस्त के बीच मोबाइल पर लगातार बात हुई थी।
-24 जुलाई को नवीन और टिंकू के बीच मोबाइल पर बात हुई थी। जिसमें टिंकू के बुलाने पर नवीन ने आने से मना कर दिया था। उसका कहना था कि वह उससे रोज गाली देकर बात करता है।
-तीन अगस्त की रात को टिंकू ने अनिल को फोन किया कि कल काम कर लेना, वह कहता है कि पक्का कर लूंगा।जिसका अर्थ चाकू खरीदने से लगाया जा रहा है।
-चार अगस्त को टिंकू और नवीन का सीसीटीवी फुटेज लोक निर्माण विभाग कार्यालय में मिला था। टिंकू उसे वहां पर लेकर गया था।
-नवीन वर्मा की एक्टिवा बिजलीघर पर खड़ी मिली थी। वहां से टिंकू उसे अपने साथ कार में लेकर चला गया।
-भाजपा नेता टिंकू भार्गव को मौके से पकड़ने वाले उप निरीक्षक मोहकम सिंह, आरक्षी सूरज, होमगार्ड अरुण अौर अंबिका समेत 40 लोगों को पुलिस ने गवाह बनाया है।
टिंकू ने एकतरफा प्यार बता गुमराह करने का किया था प्रयास
पूछताछ में टिंकू ने पहले पुलिस को बताया था कि वह नवीन की पत्नी से एकतरफा प्यार करता था। इसलिए नवीन की हत्या की थी। पुलिस की विवेचना में पता चला कि हत्यारा टिंकू यह सब सोची समझी साजिश के तहत बोल रहा था। टिंकू आए दिन नवीन के साथ दारू पार्टी करता था। वह नवीन को भी अपने रंग में रंगना चाहता था। प्रीति को यह सब पसंद नहीं था। वह पति को टिंकू से दूर रहने और अपने व्यापार पर ध्यान देने की कहती थी। जिससे चलते भाजयुमाे नेता प्रीति से खुन्नस मानने लगा था। उसे लगता था कि प्रीति के हस्तक्षेप के चलते नवीन ने उसकी पार्टियों का खर्चा उठाना बंद कर दिया है।
व्यापारी नवीन वर्मा हत्याकांड में हत्यारोपित टिंकू भार्गव उर्फ यतेंद्र निवासी भैरो बाजार और उसके साथी अनिल के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है।
आनंद कुमार शाही प्रभारी निरीक्षक सिकंदरा