आगरा में सड़क दुर्घटना में बर्थ डे ब्वाय के साथ तीन की मौत, पांच घायल
लखनऊ के फरीद नगर निवासी विजय सिंह के पांच वर्ष के पुत्र अर्जित का जन्मदिन था। जिसे मनाने के लिए तीन दिन पहले विजय सिंह वैष्णो देवी गए थे।
आगरा (जेएनएन)। ताजनगरी आगरा में आज एत्मादपुर इनर रिंग रोड टोल प्लाजा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला और दो बच्चों की मौत हो गई। वैष्णो देवी से बेटे का जन्मदिन मनाकर लौट रहे लखनऊ के परिवार की इनोवा कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसमें बर्थडे ब्वॉय बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पांच लोग घायल हो गए। घायल पांच लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे का कारण ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है।
लखनऊ के फरीद नगर निवासी विजय सिंह के पांच वर्ष के पुत्र अर्जित का जन्मदिन था। जिसे मनाने के लिए तीन दिन पहले विजय सिंह वैष्णो देवी गए थे। विजय के साथ उनके दोस्त राजेश सिंह का भी परिवार गया था। कार में कुल आठ लोग सवार थे। दोनों दोस्त वैष्णोदेवी से बेटे का जन्मदिन मनाकर आज लखनऊ वापस लौट रहे थे।
आगरा के एत्मादपुर इनर रिंग रोड टोल प्लाजा के पास उनकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों और पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को लेकर एसएन हॉस्पिटल पहुंचे। डॉक्टर्स ने पांच वर्ष के अर्जित और विजय सिंह के दोस्त राजेश की पत्नी एवं बेटी दीक्षा को मृत घोषित कर दिया।