UIDAI का बड़ा फैसला: बच्चों का आधार बायोमीट्रिक अपडेट 2027 तक फ्री
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने 5 से 17 साल के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट को 30 सितंबर ...और पढ़ें
-1790657645535_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
बच्चों का अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट 2027 तक मुफ्त।
5 से 17 साल के बच्चों के लिए यह सुविधा।
आधार सेंटर, पोस्ट ऑफिस में कराएं बायोमीट्रिक अपडेट।
जागरण संवाददाता, आगरा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने पांच से 17 साल तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमीट्रिक को 30 सितंबर 2027 तक मुफ्त कर दिया है। अब इस प्रक्रिया के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। पहले यह छूट 30 सितंबर 2026 तक मान्य थी।
बच्चों के आधार में बायोमीट्रिक अपडेट को लेकर यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ की ओर से प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ऐसे बच्चों की पहचान कर अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है, जिन्होंने निर्धारित आयु पूरी होने के बाद भी आधार में फिंगरप्रिंट, आईरिस और फोटो का अनिवार्य अपडेट नहीं कराया है।
यूआईडीएआई आगरा प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि तिथि बढ़ने से शहर के लोगों को परेशानी का समाना नहीं करना पड़ेगा। शहरवासी अपने बच्चों का बायोमीट्रिक आधार कार्ड सेंटर के साथ-साथ पोस्ट ऑफिस कार्यालय में करा सकते हैं।
15 साल तक उम्र में कराना होता है अपडेट
प्रभारी ने बताया कि पांच साल से कम उम्र के बच्चे का आधार बनाते समय उसके फिंगरप्रिंट और आइरिस जैसी बायोमीट्रिक जानकारी सामान्य तौर पर दर्ज नहीं की जाती। बच्चे के पांच साल की उम्र पूरी करने पर फोटो, फिंगरप्रिंट और दोनों आइरिस की जानकारी दर्ज की जाती है। इसके बाद 15 साल की उम्र में फिर से सभी बायोमीट्रिक जानकारी अपडेट करानी होती है।
ये है नियम
- 5 वर्ष पर पहला अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट
- 15 वर्ष पर दूसरा अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट
- 7 वर्ष पर पहली अपडेट की अधिकतम अनुशंसित सीमा
- 17 वर्ष पर दूसरी अपडेट की अधिकतम अनुशंसित सीमा
अपडेट के लिए इनकी जरूरत
नियमों के अनुसार पहला अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट पांच से सात वर्ष की आयु के बीच तथा दूसरा 15 से 17 वर्ष की आयु के बीच कराया जाना चाहिए। यह सुविधा बच्चों के लिए पूरी तरह निश्शुल्क है। अपडेट के लिए बच्चे की आधार संख्या, माता या पिता का आधार, पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा आवश्यकता होने पर जन्म प्रमाण पत्र साथ ले जाना होगा। फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन और फोटोग्राफ आधार सेवा केंद्रों पर ही अपडेट किए जाते हैं।
