पेट्रोल के दामों में लगी आग, कांग्रेस कल भारत बंद रख भरेगी हुंकार
काग्रेस सोमवार को पेट्रोलियम पदाथरें के मूल्य में वृद्धि के खिलाफरखेगी भारत बन्द। जिलेवार हो रहीं तैयारियां।
आगरा(जेएनएन): भाजपा सरकार का हर वादा अधूरा है। दिवास्वप्न दिखाकर जनता को लूटा जा रहा है। पेट्रोल- डीजल पर लगे टैक्स के माध्यम से सरकार हजारों करोड़ रुपये जनता से वसूल रही है और देश की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्धि पर यह कहना था कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी नसीब सिंह का।
काग्रेस सोमवार को पेट्रोलियम पदाथरें के मूल्य में वृद्धि के खिलाफ भारत बन्द रखने जा रही है। इस संदर्भ में रविवार को आगरा आये प्रदेश प्रभारी नसीब सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर जुबानी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकार का हर वादा अधूरा है। सरकार ने पेट्रोल व डीजल पर कर से 12 हजार करोड़ रुपये एकत्र किए हैं। सरकार देश के चंद उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाना चाह रही है। राफेल डील में 1.40 लाख करोड़ का घोटाला हुआ है। नीरव मोदी और राहुल चोकसी करोड़ों रुपये के घोटाले कर फरार हो गए। एससी-एसटी एक्ट के खिलाफ सवणरें के भारत बंद पर कहा कि वो जाति आधारित बन्द था। काग्रेस जाति आधारित राजनीति नहीं करती है। भाजपा के चार साल में दलितों पर 66 फीसद अत्याचार बढे़ हैं। भाजपा बिल के नाम पर ड्रामा कर रही है। मोब लिचिंग बढ़ी है। कहीं कोई कानून व्यवस्था नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के जज को कहना पढ़ रहा है कि लोकतंत्र खतरे में है। नसीब सिंह घटिया आजम खां स्थित हरियाली वाटिका में काग्रेस की बैठक के बाद प्रेस वार्ता कर रहे थे।
बता दें कि कांग्रेस महंगाई को मुद्दा बनाकर मोदी सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। इससे पूर्व मथुरा जिले में भारत बंद की तैयारी को लेकर पूर्व विधायक प्रदीप माथुर के आवास पर भी बैठक बुलाई गई थी।
राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर कांग्रेस द्वारा पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की बढ़ी कीमतें, जीएसटी दर की अनियमितता और नोटबंदी के दुष्परिणामों को लेकर आंदोलन किया जाएगा। किसानों की समस्या को भी आंदोलन में प्रमुखता से उठाया जाएगा।