Move to Jagran APP

नगर निगम कर्मियों पर चौथी बार फिर हमला, 24 घंटे में दूसरी वारदात

किशोर पुरा में मेडिकल स्टोर के स्वामी ने की सफाई नायक एवं कर्मचारी से मारपीट। गुस्साये कर्मियों ने किया वार्ड में काम बंद।

By Prateek GuptaEdited By: Published: Wed, 09 Jan 2019 11:53 AM (IST)Updated: Wed, 09 Jan 2019 11:53 AM (IST)
नगर निगम कर्मियों पर चौथी बार फिर हमला, 24 घंटे में दूसरी वारदात
नगर निगम कर्मियों पर चौथी बार फिर हमला, 24 घंटे में दूसरी वारदात

आगरा, जागरण संवाददाता। तीन सप्ताह में चौथी घटना और 24 घंटे में दूसरी बार हमला। सफाई कर्मचारियों के साथ लगातार क्षेत्रीय जनता द्वारा मारपीट या विवाद की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बुधवार सुबह थाना जगदीश पुरा के अन्तर्गत किशोर पुरा के निखिल मेडिकल स्टोर स्वामी निखिल एवं उसके साथियों ने सफाई नायक जगदीश एवं सफाई कर्मचारी से मारपीट कर दी। घटना से गुस्साये कर्मचारियों ने वार्ड में काम बंद कर दिया। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के मंडल अध्यक्ष विनोद इलाहाबादी ने किसी तरह समझा बुझा कर सभी कर्मचारियों को काम पर लौटाया और विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली खत्म हो जाने के बाद गुरुवार को बहुत बड़ा प्रदर्शन होगा। संघ के सदस्य जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए ज्ञापन देंगे। 

loksabha election banner

मंगलवार को भी हुई थी मारपीट

बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी की कोठी मीना बाजार मैदान में जनसभा है। जूता मंडी, पचकुइयां रोड के डिवाइडर पर जिला पंचायत सदस्य यशपाल सिंह के कई होर्डिंग ट्री-गार्ड पर लगे थे। मंगलवार दोपहर हवा के तेज झोंके से होर्डिंग सड़क पर गिर गए। शाम सात बजे भी कुछ ऐसा ही हुआ। निगम कर्मचारियों ने होर्डिंग को उठा कर डिवाइडर पर रख दिया। इस बीच जिला पंचायत सदस्य के समर्थक मौके पर पहुंच गए और होर्डिंग हटाने का विरोध शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने होर्डिंग हटाने से मना किया। इस बीच एक भाजपाई ने सुपरवाइजर विमलेश, ड्राइवर अमजद और सलमान की पिटाई शुरू कर दी। दो दर्जन भाजपाइयों ने कर्मचारियों को जमकर पीटा। जान बचाने के लिए कर्मचारियों ने दौड़ लगा दी। इस पर भाजपा का झंडा लगी गाड़ी में विमलेश और अमजद को बैठा लिया गया। गाड़ी जीआइसी मैदान की ओर जाने लगी। यह देख अन्य कर्मचारियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। गाड़ी को घेर लिया। इस पर ड्राइवर ने गाड़ी मोड़ दी और कोठी मीना बाजार की तरफ भागने का प्रयास किया। लोग गाड़ी के पीछे लग गए तो दोनों कर्मचारियों को चलती गाड़ी से फेंक दिया। मौके पर सहायक नगरायुक्त अनुपम शुक्ला और प्रभारी मुख्य अभियंता एके सिंह पहुंच गए। आक्रोशित कर्मचारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। पचकुइयां रोड पर जाम लगा दिया। अफसर व कर्मचारी शाहगंज थाने पहुंचे। सहायक नगरायुक्त ने बताया कि भाजपा जिला पंचायत सदस्य व उनके समर्थकों के खिलाफ तहरीर दी गई है। एक गाड़ी का रजिस्ट्रेशन आशीष पराशर के नाम है।

तीन सप्ताह के भीतर चौथी घटना

सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट की तीन सप्ताह के भीतर चौथी घटना है। इससे पूर्व दयालबाग, शाहगंज वार्ड कार्यालय के बाहर कर्मचारियों को पीटा गया था।

हड़ताल पर जा सकते हैं कर्मचारी

फिलहाल सफाई कर्मचारियों की बैठक नगर निगम कार्यालय में बुलाई गई है। जहां आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। कर्मचारी नेता विनोद इलाहाबादी ने बताया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो हड़ताल की जाएगी। वहीं बुधवार को सीएम आमन पर ज्ञापन दिया जाएगा। इसका असर स्वच्छता सर्वेक्षण पर भी पड़ सकता है।

अवैध होर्डिंग से पाट दिया शहर

पचकुइयां रोड हो या फिर एमजी रोड व अन्य। अवैध होर्डिंग से शहर की सड़कों को पाट दिया गया है। मंगलवार दोपहर कोठी मीना बाजार मैदान के आसपास कई होर्डिंग लगी हुई थीं। सुरक्षा कारणों के चलते इन्हें हटवाया गया।

विवाद था तो शिकायत करनी थी

निगम के कर्मचारियों की पिटाई अच्छी बात नहीं है। अगर कोई विवाद था तो इसकी शिकायत की जा सकती थी।

अरुण प्रकाश, नगरायुक्त


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.