Move to Jagran APP

Baby Feeding Room: आगरा में एत्माद्दौला में भी शुरू हुआ बेबी केयर व फीडिंग रूम, चार स्‍मारकों में पहले से ही है ये

केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गुरुवार सुबह किया उद्घाटन। आगरा किला में स्मारकों पर एएसआइ द्वारा बनाई डाक्यूमेंट्री लांच की। एत्माद्दौला आगरा का पांचवां स्मारक है जहां महिलाओं के लिए यह सुविधा शुरू की गई है।

By Prateek GuptaEdited By: Published: Thu, 30 Sep 2021 11:55 AM (IST)Updated: Thu, 30 Sep 2021 11:55 AM (IST)
Baby Feeding Room: आगरा में एत्माद्दौला में भी शुरू हुआ बेबी केयर व फीडिंग रूम, चार स्‍मारकों में पहले से ही है ये
गुरुवार सुबह बेबी केयर रूम के उद्घाटन के बाद एत्‍माद्दौला स्‍मारक देखते केंद्रीय संस्‍कृति राज्‍य मंत्री।

आगरा, जागरण संवाददाता। बेबी ताज के नाम से दुनियाभर में पहचान रखने वाले एत्माद्दौला में गुरुवार को बेबी केयर व फीडिंग रूम का उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया। एत्माद्दौला आगरा का पांचवां स्मारक है, जहां महिलाओं के लिए यह सुविधा शुरू की गई है। इससे पूर्व ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी व सिकंदरा में मातृत्व का सम्मान करते हुए यह सुविधा शुरू की जा चुकी है। केंद्रीय मंत्री ने आगरा किला में एएसआइ द्वारा आगरा के स्मारकों पर बनवाई गई डाक्यूमेंट्री भी लांच की।

prime article banner

केंद्रीय मंत्री गुरुवार सुबह यमुना पार स्थित एत्माद्दौला पहुंचे। यहां प्रवेश द्वार में अंदर की तरफ बनाए गए बेबी केयर व फीडिंग रूम का उन्होंने फीता काटकर उद्घाटन किया। एएसआइ की इस पहल को उन्होंने सराहा। एत्माद्दौला में हो रहे पच्चीकारी के काम के बारे में निवर्तमान अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. वसंत कुमार स्वर्णकार ने उन्हें जानकारी दी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री आगरा किला पहुंचे। अागरा किला की विजिट करने के बाद उन्होंने एएसआइ द्वारा आगरा के स्मारकों पर तैयार कराई गई डाक्यूमेंट्री को लांच किया। यह डॉक्यूमेंट्री सभी स्मारकों पर चलाई जाएगी और इससे पर्यटकों को आगरा के स्मारकों के बारे में जानकारी मिल सकेगी और वो स्मारकों को देखने के लिए प्रेरित होंगे। अधीक्षण पुरातत्वविद् राजकुमार पटेल साथ रहे।

आगरा किला पर पर्यटकों से पूछी समस्या

केंद्रीय मंत्री ने आगरा किला पहुंचने पर सबसे पहले पर्यटकों से बातचीत कर उन्हें होने वाली समस्या के बारे में पूछा। पर्यटकों ने नेटवर्क प्रोब्लम के चलते क्यूआर कोड स्कैन कर टिकट बुक करने में आ रही दिक्कत के बारे में बताया। लपकों द्वारा अधिक पैसे लेकर टिकट बुक करने की भी जानकारी दी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि व्यवस्था को सुधारेंगे और इससे भी बेहतर व्यवस्था की जाएगी, जिससे कि पर्यटक को कोई परेशानी न हो।

स्मारकों में इंफ्रास्ट्रक्चर फेसिलिटी बढ़ाना समय की मांग

केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मीडिया से वार्ता में कहा कि दो दिन में उन्होंने एएसआइ अधिकारियों, पर्यटन कारोबारियों व स्टेकहोल्डर्स से बातचीत कर सुझाव लिए हैं। स्मारकों के माध्यम से पर्यटन को बढ़ाने व पर्यटकों को आकर्षित करने पर ध्यान दिया जाएगा। स्मारकों को रात में खोलने, साउंड एंड लाइट शो के माध्यम से नाइट टूरिज्म को विकसित करने के सुझाव पर्यटन कारोबारियों ने दिए हैं। नाइट टूरिज्म का विकास और स्मारकों में इंफ्रास्ट्रक्चर फेसिलिटी बढ़ाना समय की मांग है। स्मारकों पर नेटवर्क प्रोब्लम के चलते टिकट बुकिंग में दिक्कत है। सिस्टम को सुधारा जाएगा और पर्यटकों को ऐसी दिक्कतें नहीं आने दी जाएंगी। यमुना की दुर्दशा के सवाल पर उन्होंने कहा कि वो जल शक्ति मंत्री से बात करेंगे, जिससे कि यमुना साफ-सुथरी रहे और पर्यटकों को भी अच्छा महसूस हो।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.