आगरा में रामलीला के लिए बाबरपुर बनेगा जनकपुरी, नगर निगम को भेजा गया प्रस्ताव
आगरा में भव्य रामलीला की तैयारियों के तहत बाबरपुर का नाम बदलकर जनकपुरी करने का प्रस्ताव नगर निगम को भेजा ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
आगरा रामलीला के लिए बाबरपुर का नाम जनकपुरी होगा।
पार्षद ने नाम बदलने का प्रस्ताव नगर निगम को भेजा।
स्थानीय निवासियों की सहमति से लिया गया यह फैसला।
जागरण संवाददाता, आगरा। शहर की प्रसिद्ध रामलीला को और भव्य व दिव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। श्री रामलीला कमेटी ने रविवार को जनकपुरी बनाने की आधिकारिक घोषणा कर दी। इस बार जनकपुरी सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट से जुड़े केके नगर, बाबरपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में सजाई जाएगी।
इसी क्रम में बाबरपुर का नाम जनकपुरी करने का प्रस्ताव पार्षद की ओर से नगर निगम में भेज दिया गया है। क्षेत्रीय लोगों की सहमति के बाद यह फैसला लिया गया है।
स्थानीय निवासियों ने कहा मां सीता से जुड़े अन्य नाम जैसे सीता नगरी या मिथिला नगरी के बजाय जनकपुरी नाम ही सबसे उपयुक्त है। सभी का कहना है हमारे क्षेत्र में जनकपुरी सज रही है, इससे बेहतर नाम और क्या हो सकता है।
पहले सीता नगरी या मिथिला नगरी समेत अन्य नामों पर भी हुआ विमर्श
क्षेत्र के लोगों ने पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी को बाबरपुर का नाम जनकपुरी रखने के लिए पत्र सौंपा। पार्षद गोस्वामी ने बताया कि नगर निगम में प्रस्ताव पास होने के बाद पूरा क्षेत्र आधिकारिक रूप से जनकपुरी के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा, सदन शुरू होते ही नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उसके बाद पूरा क्षेत्र बाबरपुर जनकपुरी नाम से पहचाना जाएगा।
यह भी पढ़ें- आगरा की रामलीला में सिकंदरा में सजेगी भव्य जनकपुरी, बाबरपुर का नाम बदलने का प्रस्ताव
क्षेत्रीय बोले, क्षेत्र में जनकपुरी सज रही है, इससे बेहतर नाम कोई और नहीं हो सकता
नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने इस नाम का स्वागत किया। उन्होंने कहा, जनकपुरी नाम सबसे आसान और सबसे पहले जुबां पर आने वाला है। पूर्व अध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि भगवान राम बारात लेकर आ रहे हैं। ऐसे में बारातियों का स्वागत हम जनकपुरी में करेंगे। यह नाम रामलीला की गरिमा को और बढ़ाएगा।
यह भी पढ़ें- 'घुटनों के बल बैठकर माफी मांगे सिपाही, पूर्व फौजी हैं पति': आगरा में उप स्टेशन प्रबंंधक से मारपीट में पत्नी का आक्रोश
गणपति आशियाना के अशोक गुप्ता ने कहा, हमारे क्षेत्र में जनकपुरी महोत्सव हो रहा है, ऐसे में यह नाम होना बड़ी बात है। सभी लोगों ने इसे स्वीकार कर लिया है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है जनकपुरी का नाम रामलीला की परंपरा और ऐतिहासिक महत्व को मजबूत करेगा।
नगर निगम सदन के शुरू होते ही प्रस्ताव पास होने की उम्मीद है। नाम बदलने के बाद क्षेत्र की पहचान स्थायी रूप से जनकपुरी के रूप में होगी।
