विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हनुमान अंश' के 'अंश' ने दिया आशीर्वाद, आगरा पहुंचे बाबा नीब करौरी के पौत्र

By Sandeep Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 24 Sep 2026 12:47 PM (IST)

बाबा नीब करौरी के पौत्र डॉ. धनंजय शर्मा आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ में भाग लिया। ...और पढ़ें

बाबा नीब करौरी के पौत्र डाॅ. धनंजय शर्मा।

बाबा नीब करौरी के पौत्र डाॅ. धनंजय शर्मा।

HighLights

  1. उन्होंने 'हनुमान अंश' फिल्म की वैश्विक सफलता पर बात की।

  2. युवाओं को व्यसनमुक्त जीवन जीने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

जागरण संवाददाता, आगरा। बाबा नीब (नीम) करौरी के पौत्र डा. धनंजय शर्मा बुधवार को नीम करौली गांव के लोगों के साथ आगरा पहुंचे। ताजगंज स्थित होटल श्याम पैलेस में आयोजित हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या में उन्होंने सहभागिता की।

उनके आगरा आगमन की सूचना पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान डा. धनंजय शर्मा ने नीब करौरी बाबा पर बनी फिल्म हनुमान अंश को लेकर बातचीत की। कहा कि फिल्म को देश ही नहीं, दुनियाभर में दर्शकों का प्यार मिल रहा है। यह बाबा के अनुयायियों के लिए एक विशेष उपहार है।

करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म ने विश्वभर में 300 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है। इतने बड़े स्तर पर दर्शकों का जुड़ाव बाबा के आशीर्वाद और कृपा का ही परिणाम है। विशेष रूप में युवाओं में फिल्म को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है

उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से नीब करौरी बाबा के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक संदेश को देश-विदेश में लोगों तक पहुंचने का अवसर मिला है। फिल्म के पहले भाग को जिस तरह दर्शकों का प्यार मिला है, उम्मीद है कि आने वाले दोनों भागों को भी दर्शकों का स्नेह इसी तरह मिलता रहेगा।

नीब करौरी बाबा की प्रसिद्धि पहले से ही देश-दुनिया में रही है, लेकिन फिल्म के माध्यम से उनके विचारों और आध्यात्मिक संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का नया माध्यम मिला है। बालीवुड में आध्यात्मिक और धार्मिक विषयों पर फिल्मों के निर्माण से दर्शकों का फिल्मों के प्रति नजरिया भी बदल रहा है।

युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि नीब करौरी बाबा चाहते थे कि युवा व्यसनमुक्त जीवन जीते हुए अपने श्रेष्ठ उद्देश्य को प्राप्त करें। ऐसे में हम सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने और जीवन को सकारात्मक दिशा में ले जाने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने डा. धनंजय शर्मा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।

उन्होंने भक्तों से आत्मीयता से मुलाकात की और प्रसाद का वितरण भी किया। हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा नीब करौरी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की।