ताजमहल देखने आई गुजरात की पर्यटक को बेच दी आयुर्वेदिक चप्पल, पढ़ें पूरा मामला Agra News
गुजरात की पर्यटक से हैंडीक्राफ्ट शोरूम की धोखाधड़ी पर्यटन थाने पहुंची। कंबल को बताया था सर्दी- गर्मी में तापमान नियंत्रित करने और मच्छरों से दूर रखने वाला।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताज देखने आयी गुजरात की पर्यटक को हैंडीक्राफ्ट शोरूम मालिक ने चप्पल को आयुर्वेदिक बताकर बेच दिया। उसे एक कंबल ताप नियंत्रित करने वाला बताते हुए बेचकर ठग लिया। धोखाधड़ी का पता चलने पर शनिवार को पर्यटन थाने पहुंची पर्यटक की शिकायत पर हैंडीक्राफ्ट शोरूम मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
पोरबंदर (गुजरात) की आरती वाई.जोशी शनिवार सुबह ताज देखने आयी थीं। उन्हें बस स्टैंड पर ऑटो रिक्शा वाला मिला। ताज समेत अन्य ऐतिहासिक स्मारक दिखाने की तय करके साथ ले गया। ताज दिखाने के बाद चालक उन्हें यूपी हैंडलूम एवं क्राफ्ट शाप लेकर पहुंचा। वहां सेल्समैन ने उन्हें एक चप्पल दिखाई। उसे आयुर्वेदिक बताते हुए दावा किया कि इसे पहनने पर वह कमर दर्द में आराम देती है।
शोरूम के सेल्समैन ने उन्हें एक कंबल भी दिखाया। इसे ताप नियंत्रित करने वाला बताया। उसकी खूबी बताई कि यह कंबल गर्मी में ठंडा और सर्दी में गरम रहता है। इसकी एक और खासियत बताई कि उसे ओढऩे से दो मीटर के दायरे में मच्छर नहीं आते। पर्यटक की भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल करते हुए कहाकि यह कंबल कैदियों द्वारा बनाया गया है। इसकी बिक्री से सरकार को कुछ रकम मिलेगी। सेल्समैन ने यह भी आश्वासन दिया कि कंबल प्रयोग करने के बाद उसे 40 से 50 फीसद कम दाम पर वापस कर सकते हैं।
आरती वाई.जोशी के अनुसार शोरूम के स्टाफ ने उन्हें दो कंबल और एक आयुर्वेदिक चप्पल 4100 रुपये में बेच दी। वहां से बाहर निकलने के बाद एक परिचित को कंबल और चप्पल के बारे में बताया। परिचित ने उन्हें शोरूम द्वारा धोखाधड़ी का शिकार होना बताया। इस पर दोपहर में पर्यटन थाने पहुंची। इंस्पेक्टर पर्यटन थाना दिनेश कुमार ने बताया पर्यटक ने यूपी हैंडलूम एंड क्राफ्ट के मालिक केशव पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
यूपी हैंडलूम के नाम से चल रहा खेल
बाहर से आने वाले पर्यटकों के साथ यूपी हैंडलूम के नाम पर खेल किया जाता है। ताजमहल के पास और फतेहाबाद रोड पर यूपी हैंडलूम के नाम से बड़ी संख्या में हैंडीक्राफ्ट शोरूम हैं। यूपी लिखा होने से पर्यटक यह समझते हैं कि शोरूम और स्टोर सरकारी हैं। वह आसानी से उनके झांसे में आ जाते हैं।