Conspiracy: 'एसडीओ पर महिलाओं से सेंडिल पड़वा दो', अपने आप आ जाएंगे दिमाग ठिकाने
Conspiracy अधिशासी अभियंता (विद्युत) और महिला उपभोक्ता के बीच बातचीत का आडियो वायरल। एसडीओ का तबादला ईई के तबादले को शासन को लिखा। कासगंज में तैनात पावर कॉरपोरेशन कर्मचारियों के बीच चल रही राजनीति आई सामने। होने लगीं चर्चाएं।
आगरा, जेएनएन। सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के बीच राजनीति किस कदर चरम पर है, इसका एक उदाहरण पावर कॉरपोरेशन के अधिकारी की फोन पर हुई बातचीत के ऑडियो के वायरल होने पर सामने आया है। बिजली विभाग के एसडीओ (उप खंड अधिकारी) के खिलाफ महिला उपभोक्ता को भड़काने का आडियो वायरल हुआ है। इसमें अधिशासी अभियंता(ईई) महिला से एसडीओ पर सेंडिल से पिटवाने को उकसा रहे हैं।
वायरल आडियो में अधिशासी अभियंता (ग्रामीण) सत्यपाल सिंह महिला उपभोक्ता को एसडीओ राजीव कुमार के खिलाफ भड़का रहे हैं। महिला से कह रहे हैं कि वह कुछ महिलाओं के साथ मिलकर एसडीओ को पीटें, सेंडिल पड़वा दें, बेइज्जत कराएं। आडियो वायरल होने के बाद अधीक्षण अभियंता कासगंज संजीव अग्रवाल ने सोमवार को सोरों के इस एसडीओ का तबादला कासगंज कर दिया। जबकि अधिशासी अभियंता के तबादले के लिए शासन को लिखा है।
आडियो के कुछ अंश
महिला: नमस्ते कैसे हैं आप?
ईई: मैं बिल्कुल ठीक हूं।
महिला: उस दिन गए थे हम आपके कार्यालय, आप नहीं मिले।
ईई: अच्छा-अच्छा बताइए, क्या काम था?
महिला: एसडीओ राजीव से काम था, उनके दिमाग ठिकाने लगाने ही पड़ेंगे।
ईई: नहीं-नहीं, जो जैसा व्यवहार करे, उसे उसी की भाषा में जवाब देना चाहिए।
महिला: लगता है उसे अब ठीक करना ही पड़ेगा।
ईई: दो-चार महिलाओं से सेंडिल पड़वा दो, दिमाग ठिकाने आ जाएंगे।
'मेरे साथ साजिश की जा रही है। आडियो में साफ है कि महिला मुझको उकसा रही है। यह सब योजनाबद्ध तरीके से हुआ है'।
- सत्यपाल सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण
'अधिशासी अभियंता मेरा उत्पीडऩ कर रहे हैं। मैने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है, कोई कार्रवाई नहीं हुई है'।
- राजीव कुमार, एसडीओ
' दोनों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। मैं स्वयं इसकी जांच करूंगा'।
- संजीव अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता, कासगंज