Monkey Attack: ताजमहल पर पर्यटक पर बंदर का हमला, साथी घिरे घबराहट में Agra News
पूर्वी गेट के पास हुई घटना। ब्राजील के पर्यटक के पैर में मारा पंजा। एंटी रैबीज लगवाया गया।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजमहल पर गुरुवार सुबह बंदर ने विदेशी पर्यटक पर हमला बोल दिया। पर्यटक के पैर में पंजा मार दिया। बंदर के अकस्मात किए गए हमले से अन्य पर्यटक भी घबरा गए।
गुरुवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे ताजमहल पूर्वी गेट पर खड़े ब्राजील के पर्यटक लुइस के बायें पैर में बंदर ने पंजा मार दिया। लुइस बंदर द्वारा अकस्मात किए गए हमले से घबरा गए। उन्हें पूर्वी गेट पर खड़ी रहने वाली एंबुलेंस से निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उन्हें एंटी-रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया।
कब पर्यटकों पर किया हमला
-12 जनवरी, 2018: सेंट्रल टैंक पर चेन्नई के पर्यटक को कुत्ते ने काटा।
-22 मई, 2018: फ्रांसीसी पर्यटकों टीकू और फॉससर्ड को ताज में बंदर ने काटा।
-आठ जुलाई, 2018: आस्ट्रियाई पर्यटक क्रिस्टीना को ताज में बंदर ने काटा।
-27 अगस्त, 2018: चीन की महिला पर्यटक हू जिकसिंग पर बंदर ने झपट्टा मारा। उनकी पीठ पर काटा।
-27 अगस्त, 2018: आजमगढ़ की स्मृति श्रीवास्तव को पश्चिमी गेट के बाहर लाइन में कुत्ते ने काटा।
-22 नवंबर, 2018: इटली की मरियम को बंदर ने काटा।
-4 फरवरी, 2019: फ्रांस की एल्सा को कुत्ता पार्क पर कुत्ते ने काटा।
-21 जुलाई, 2019: बेंगलुरू के पर्यटक केएम भार्गव को रॉयल गेट पर कुत्ते ने काटा।
एएसआइ कई बार लिख चुका है पत्र
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा बंदरों व कुत्तों को पकडऩे के लिए नगर निगम को कई बार पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन इसका संज्ञान नहीं लिया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विजिट के दौरान पांच लंगूरों की व्यवस्था के साथ ही ताजमहल परिसर में तैनात एएसआइ कर्मियों को डंडे दिए गए थे, जिससे कि बंदरों को भगाया जा सके। अब एक बार फिर पुराना हाल हो चुका है।