Attack on Police: खनन माफिया ने की पुलिस कर्मियों की पिटाई, दो कांस्टेबल घायल
Attack on Policeतीन आरोपित पुलिस ने किए गिरफ्तार आधा दर्जन फरार। मथुरा के थाना फरह क्षेत्र की वारदात।
आगरा, जागरण संवाददाता। मथुरा के थाना फरह क्षेत्र में शुक्रवार की रात को खनन माफिया ने गश्ती पुलिस दल पर हमला बोल दिया। हमले में दो कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस ने खनन माफिया और उसके गुर्गों के यहां ताबड़तोड़ दबिश देकर तीन को गिरफ्तार कर लिया। अभी आधा दर्जन फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। सभी भूमिगत हो गए हैं
फरह थाना क्षेत्र के कंजौली घाट इलाके में यमुना नदी किनारे खनन माफिया की सक्रियता पर लगाम लगाने की कोशिश कर रही पुलिस लगातार हमलों की शिकार हो रही है। शुक्रवार की रात को थाना फरह में तैनात सिपाही विशाल और रविंद्र चेतक मोबाइल पर गश्त करने के लिए निकले थे। हाईवे से गश्त करते हुए वह आगरा बॉर्डर की तरफ जा रहे थे। उसी समय बारिश हो गई। दोनों सिपाही गांव रैपुरा जाट जाट स्थित हाईवे के अंडर पुल के नीचे खड़े हो गए । यहां पहले से ही कंजौली घाट से यमुना नदी किनारे से बालू भरकर लाए खनन माफिया के खनन के बालू से भरे ट्रैक्टर खड़े हुए थे। पुलिस को देख कर खनन माफिया और उनके गुर्गे दोनों सिपाहियों पर अचानक हमलावर हो गए। पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते उससे पहले एक दर्जन से अधिक लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पीटना शुरू कर दिया। जैसे तैसे घायल पुलिसकर्मी जान बचाकर थाने पहुंचे। पुलिस कर्मियों के साथ हुई मारपीट की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर फरह प्रदीप चौधरी मय फोर्स के घटनास्थल पर पहुंच गए। मगर तब तक खनन माफिया अपने गुर्गों के साथ घटनास्थल से फरार हो चुके थे। पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव भदाया में बालू खनन में संलिप्त लोगो के यहां ताबड़तोड़ दबिश दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने रात को अजीत, गोपाल और भेदजीत निवासीगण गांव भदाया को पकड़ लिया। अन्य आरोपित गांव से भाग गए। घायल सिपाही रविंद्र की तहरीर पर पुलिस ने यमुना नदी किनारे कंजौली घाट पर अवैध खनन में संलिप्त नौ लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई जाए। इंस्पेक्टर है ने बताया कि आरोपित अजीत गोपाल और भेदजीत को जेल भेजा जा रहा है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर अभी दबिश दे रही हैं। सभी आरोपित भूमिगत हो गए।