Memories of Atal: यादों में रह गए अटल, नहीं हुआ पूर्व प्रधानमंत्री की याद में कोई कार्य
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक जन्मस्थल बटेश्वर में स्मारक बनने की आस अधूरी। अन्य प्रस्तावित कार्य भी लंबित। यज्ञशाला का निर्माण कार्य पिछले दिनों शुरू हुआ था जो गति नहीं पकड़ पा रहा है। पुण्य तिथि पर भूला संगठन। जनप्रतिनिधि स्वजनों ने किया आगरा में हवन।
आगरा, जागरण संवाददाता। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर जो वायदे किए गए थे, वे उनकी तीसरी पुण्य तिथि तक पूरे नहीं हुए हैं। उनके पैतृक जन्मस्थली बटेश्वर पर तमाम कार्य किए जाने की बातें कही गई थीं। उनकी पुरानी जर्जर हो चुकी हवेली के संरक्षण की भी बात थी। बटेश्वर के लोग, आज भी सरकार के वायदे पूरे करने का इंतजार कर रहे हैं। यज्ञशाला का निर्माण कार्य पिछले दिनों शुरू हुआ था, जो गति नहीं पकड़ पा रहा है। वहीं दो घाटों का जीर्णोद्धार हो रहा है।
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का बचपन बटेश्वर में बीता था। उन्होंने यहां रहकर अंग्रेजों के दांत खट्टे भी किए थे और आजादी की लड़ाई शुरुआत की थी। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार अटल जी ने वन विभाग की कोठी को तोड़ वहां से अंग्रेजों को भगा तिरंगा लहरा दिया था। कई और प्रसंग भी बटेश्वर से जुड़े हैं। अटल जी की यादों को संजोने के लिए उनके पैतृक स्थान की जगह स्मारक, उनसे जुड़ी सामग्री के लिए संग्राहलय और दूसरे कार्य होने थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बटेश्वर के विकास के लिए घोषणाएं की थीं, लेकिन अभी कुछ भी धरातल तक नहीं पहुंच सका है। संगठन स्तर से उनकी पुण्य तिथि पर बटेश्वर में कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया।
हवन पूजन कर किया नमन
अटल बिहारी वाजपेयी की पैतृक स्थली के निकट विंध्यवासिनी मंदिर जो परिवार की कुल देवी मंदिर भी कहलाता है, में स्वजनों ने हवन कर नमन किया। इस दौरान अटल बिहारी की भांजा बहू एवं राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला दीक्षित, भतीजे राकेश वाजपेयी, अश्वनी वाजपेयी, सचिन वाजपेयी, कपिल वाजपेयी, धीरज सिंह, सुरेश कुमार, राम सिंह, चरण सिंह आदि मौजूद थे।
विधानसभा सत्र मंगलवार से शुरू हो रहा है। इसी कारण सोमवार को लखनऊ जाना हुआ। लखनऊ में किंग जार्ज मेडिकल इंस्टीट्यूट में अटल जी पर आयोजित संगोष्ठी में सम्मिलित हुई। काेरोना संक्रमण के कारण बटेश्वर में विकास कार्य लंबित हो गए हैं। प्रस्तावित सभी कार्य कराए जाएंगे।
पक्षालिका सिंह, विधायक, बाह
बाह क्षेत्र की भाजपा टीम, मंडल पदाधिकारी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए थे। निजी कारणों से बाह नहीं जा सका था।
गिर्राज कुशवाह, जिलाध्यक्ष, भाजपा
मैं परिवार का सदस्य होने के नाते पुण्य पर नमन करने पैतृक स्थल पहुंची थी। भाजपा का स्थानीय संगठन मौजूद था। अन्य लोगों ने भी अपनी सुविधा अनुसार कार्यक्रम किए होंगे। कोरोना के कारण विकास कार्य प्रभावित हुए हैं, जिन्हें जल्द गति दिलाई जाएगी।
निर्मला दीक्षित, सदस्य राज्य महिला आयोग, भांजा बहू स्व. अटल बिहारी वाजपेयी
ये होने हैं कार्य
- जंगलात कोठी का जीर्णोद्धार नहीं हो सका।
- स्मारक और संग्राहलय को लेकर कोई कार्य नहीं हुआ।
- रेलवे हाल्ट को स्टेशन का दर्जा नहीं मिल सका।
- अटल बिहारी के नाम से विद्यालय नहीं बन सका।
- यज्ञशाला का शुरू हुआ निर्माण कार्य।