ताजमहल की टिकट को लेकर हो रहे झगड़े, भ्रमित कर रही है एएसआइ के आगरा सर्किल की वेबसाइट
हिंदी व अंग्रेजी में दी गई जानकारी में अलग-अलग दिया गया है ताजमहल पर प्रवेश शुल्क। ऑनलाइन टिकट के जमाने में ये चूक पड़ रही पर्यटकों पर भारी। आगरा सर्किल में शामिल जिलों व स्मारकों की संख्या भी अलग। लंबे समय से नहीं की गई अपडेट।
आगरा, जागरण संवाददाता। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के आगरा सर्किल की वेबसाइट www.asiagracircle.in पर्यटकों को भ्रमित कर रही है। वेबसाइट पर हिंदी व अंग्रेजी में दिए गए विवरण में ताजमहल समेत अन्य स्मारकों का प्रवेश शुल्क अलग-अलग दर्शा रखा है। इसी तरह आगरा सर्किल के बारे में दी गई जानकारी में उसमें शामिल जिलों व स्मारकों की संख्या अलग-अलग बताई गई है। लंबे समय से वेबसाइट को अपडेट नहीं किए जाने से यह स्थिति हुई है।
वेबसाइट पर यह हैं प्रमुख गलतियां
-नेविगेशन में एबाउट आगरा सर्किल में नौ जिले और 155 स्मारक होने का जिक्र।
-मान्यूमेंट्स में आगरा सर्किल में अंग्रेजी में दी गई जानकारी में 29 जिलों में 265 स्मारक होने का जिक्र।
-हिंदी में दी गई जानकारी में 24 जिलों में 265 स्मारक होने का जिक्र।
-ताजमहल के बारे में अंग्रेजी में दी गई जानकारी में विदेशी पर्यटकों का टिकट 500 रुपये का होने का जिक्र है, जबकि यह 600 रुपये का है।
-ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी के बारे में अंग्रेजी में दी गई जानकारी में भारतीय व सार्क देशों के पर्यटकों का टिकट 30 रुपये का दिया हुआ है, जबकि यह 40 लाख रुपये का है। 10 रुपये का पथकर अलग से है।
-ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी के बारे में हिंदी में दी गई जानकारी में भारत व सार्क देशों के नागरिकों का एएसआइ का टिकट 10 रुपये का दिया है, जबकि यह 40 रुपये का है। इसी तरह इन स्मारकों में विदेशी पर्यटकों का टिकट 600 रुपये के बजाय 250 रुपये का दिया है।
-ताजमहल संग्रहालय में संपर्क अधिकारी केए. कबुई का नाम दिया है, जबकि उनका स्थानांतरण हुए तीन वर्ष हो चुके हैं। वर्तमान में वह चंडीगढ़ सर्किल में अधीक्षण पुरातत्वविद् के पद पर तैनात हैं।
वेबसाइट को अपडेट किया गया है। तकनीकी खामियों की वजह से कुछ जगह पर वेबसाइट को अपडेट नहीं किया जा सका है, इसमें थोड़ा समय लगेगा। वेबसाइट को अपडेट कराया जाएगा।
-डा. राजकुमार पटेल, अधीक्षण पुरातत्वविद् आगरा सर्किल