मनमानी पर फूट सकता है ग्राम प्रधानों का गुस्सा
नोटिस भेज एक के अधिकार सीज करने की चेतावनी तो दूसरे ने लगाया मनमानी का आरोप ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम सचिव पर लगाए गए हैं आरोप
संसू, फतेहपुर सीकरी: ग्राम पंचायत स्तर पर मनमानी शुरू हो गई है। ग्राम पंचायत अधिकारी पर प्रधान को नोटिस भेजकर उनके अधिकार सीज करने की चेतावनी देने का आरोप है। वहीं दूसरे प्रधान ने ग्राम सचिव पर प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत अपात्रों को धन आवंटित करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद दोनों मामलों की जांच शुरू करा दी गई है।
पहला मामला ग्राम पंचायत औलेंडा का है। अनुसूचित जाति के ग्राम प्रधान जगदीश सिंह ने खंड विकास अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि ग्राम विकास अधिकारी की मनमानी के चलते वे काम नहीं कर पा रहे। सरकारी योजनाओं में अडं़गा लगाकर और बेबुनियाद आरोप लगाकर उनके अधिकार सीज करने का उन्हें नोटिस भेज दिया है। आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी सरकारी योजनाओं में उनका सहयोग नहीं कर रहे।
दूसरी शिकायत ग्राम पंचायत नगला सराय की प्रधान और ग्राम प्रधान संगठन की जिलाध्यक्ष राधा चौधरी ने खंड विकास अधिकारी से की है। शिकायती पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि ग्राम सचिव ने प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत अपात्रों को धन आवंटित कर दिया है, जबकि पात्रों की सूची उनके पास उपलब्ध है। पात्रों को अब तक लाभ नहीं मिला है। दोनों ग्राम प्रधानों की शिकायतें मिली हैं। इनकी जांच कराकर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को संस्तुति की जाएगी।
- नवीन कुमार खंड विकास अधिकारी, फतेहपुर सीकरी ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत का अध्यक्ष और ग्राम विकास अधिकारी सचिव होता है। ऐसे में ग्राम विकास अधिकारी द्वारा प्रधान को नोटिस भेजना कतई अनुचित है। इसकी जांच कराई जाएगी।
- विनोद जोशी, एसडीएम किरावली ग्राम प्रधानों में आक्रोश, बैठक आज
हाल ही में शपथ लेने वाले ग्राम प्रधानों में अधिकारियों के प्रति आक्रोश पनपने लगा है। ग्राम प्रधान संगठन के मंडलीय अध्यक्ष अनीश चाहर ने शुक्रवार को (आज) ग्राम प्रधानों की आपात बैठक बुलाई है। उनके मुताबिक बैठक विकास खंड सभागार में सुबह 11 बजे से होगी। बैठक में यह मुद्दा तूल पकड़ सकता है।