Loksabha Election 2019 : सपा के गढ़ में पहुंचे अमित शाह, कहा देश तय कर चुका फिर बनेगी मोदी सरकार
फीरोजाबाद में हो रही भाजपा विजय शंखनाद रैली को संबोधित करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष। भाजपा प्रतयाशी डॉ चंद्रसेन जादौन के समर्थन में हो रही है जनसभा।
आगरा, जेएनएन। समाजवादी पार्टी का गढ़ कहे जाने वाली फीरोजाबाद संसदीय क्षेत्र आज भगवामय हो गया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जैसे ही सुहाग नगरी पहुंचे तो हर तरफ बस मोदी मोदी के नारे ही गूंजने लगे।
फीरोजाबाद संसदीय सीट के भाजपा प्रत्याशी डॉ चंद्रसेन जादाैन के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने के लिए बुधवार को अमित शाह पहुंचे हैं। सुहाग नगरी को संबोधित करते हुए अमित शाह बोले कि यहां चाचा भतीजा अफवाह फैला रहे हैं कि भाजपा यहां से नहीं लड़ रही है। इसलिए यहां जल्दी आया हूं। मोदी सरकार यहां के प्रत्याशी के कमल से बनेगी। शाह ने कहा कि कांच की चूड़ियां हमारी माताएं बहनें पहनती हैं वो फीरोजाबाद से जाती हैं। पंडित बनारसी दास चतुर्वेदी को याद करता हूं। यूपी के अंदर 15 साल तक सपा बसपा का राज चला।
शिवपाल यादव और अक्षय यादव पर तंज कसते हुए कहा कि चाचा- भतीजा कह रहे हैं कि भाजपा इसकी मदद कर रही है, उसकी मदद कर रही है। बता देना है कि भाजपा किसी की मदद नहीं कर रही है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक ही आवाज सुनाई देती है मोदी- मोदी। देश तय कर चुका है कि भाजपा की सरकार बनेगी। ऐसे- ऐसे लोग एकत्र हुए हैं जो 20-20 साल से बात नहीं कर रहे थे। मोदी के डर से सब एकजुट हुए हैं। भाजपा की सरकार किसी एक जाति के लिए काम नहीं करती।
शाह बोले कि यूपी ने 73 सीट देकर मोदी को पीएम बनाया। मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि दो करोड़ से ज्यादा गरीबों के घर में बिजली पहुंचाई है। ढाई करोड़ को घर दिया है। 50 करोड़ गरीबों को निशुल्क इलाज दिया। जातिवादी पार्टियों में कभी बाप बेटे को लड़ा देते हैं। ये प्रो रामगोपाल का क्षेत्र है, जहां गुंडे घूमते थे। पुलिस इनसे डरती थी। योगी सरकार ने गुंडों को उलटा लटकाकर सीधा कर दिया। आज बदमाश हाथ जोड़ते हैं। फीरोजाबाद में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत कांच उद्योग के लिए काम किया गया। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए शाह बोले कि आलू का समर्थन मूल्य हमारी सरकार ने किया। राहुल गांधी आलू की फैक्ट्री की बात कहते हैं। उन्हें पता ही नहीं कि आलू जमीन के नीचे पैदा होता है। उनहोंने कहा कि बहुत बड़ा डिफेन्स कॉरिडोर बन रहा है। हर घर में बिजली पहुचीं है। सबसे बड़ा काम किया मोदी सरकार ने कि यहां से गुंडाराज खत्म किया।
अमित शाह बोले कि अभी- अभी हम घोषणा पत्र लेकर आए हैं जिसमें घोषणा की गई है कि 40 लाख तक टर्न ओवर वाले छोटे व्यापारी जीएसटी से मुक्त होंगे। 60 लाख से कम वाले व्यापारी इनकम टैक्स से मुक्त होंगे। किसानों को ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा। व्यापारियों को 10 लाख का इन्श्योरेंस दिया जाएगा। अपने संबोधन में अमित शाह फिर विपक्ष पर हमलावर हुए। कहा कि मोदी के डर से बुआ भतीजा एक साथ आए हैं। अगर सपा बसपा का शासन आया तो निज़ाम का राज आ जाएगा। निजाम यानी नसीमुद्दीन सिद्दीकी, आजम खान, अतीक अहमद जैसे लोग फिर वापसआ जाएंगे। मोदी सरकार आते की 38 हजार करोड़ किसानों का लोन माफ किया गया।
भाजपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष को भी बाड़े हाथों लिया। कहा कि राहुल बाबा मोदी जी से पूछते हैं कि क्या किया। हम कहते हैं कि आपकी चार पीढ़ियों ने राज किया, जवाब आपको देना चाहिए। मुझे राहुल बाबा को जवाब नहीं देना है फीरोजाबाद की जनता को देना है।
शाह ने मोदी सरकार की योजनाओं का नाम लेकर कई बार तालियां बजवाईं। कहा कि मोदी सरकार ने देश को सुरक्षित करने का काम किया है। मौनीबाबा प्रधानमंत्री के शासन में लोग जवानों के सिर काटकर ले जाते थे। पुलवामा में 40 जवानों शहीद हुए। जवानों की तेरहवीं के दिन मोदीजी ने वायुसेना को आदेश दिया और आतंकियों के पुर्जे पुर्जे उड़ा दिए। देश भर में जश्न मना मिठाइयां बंटी। दो जगह मातम था एक पकिस्तान में और दूसरे सपा बसपा और कांग्रेस में।
नवजाेत सिंह सिद्धू का नाम लिए बगैर शाह बोले कि राहुल बाबा के गुरू कहते हैं कि कुछ लोगों ने गलती की और बम गिराना ठीक नहीं। ये मोदी सरकार है वहां से गोली आएगी यहां से गोला जाएगा। एक- एक को ठोंकने का काम किया जाएगा। घुसपैठियों को निकालने के लिए हमने चिन्हित किया तो सपा बसपा अजीत सिंह रोने लगे। अमित शाह ने जनता से कहा कि एक बार फिर मोदी को पीएम बना दीजिए ये घुसपैठिए बाहर होंगे। राहुल बाबा कश्मीर में उमर अब्दुल्ला के साथ चुनाव लड़ रहे हैं और कानून बदलना चाहते हैं। ऐसा मोदी सरकार नहीं होने देगी। उमर अब्दुल्ला कहते हैं कि कश्मीर को अलग पीएम चाहिए। देश में टुकड़ा करने वाली गैंग आई है । जेएनयू में नारे लगते हैं।
फीरोजाबाद सांसद को कटघरे में खड़ा करते हुए शाह ने कहा कि अक्षय यादव विकास का काम नहीं दादागिरी करते हैं। आप डॉ चंद्र सेन जादौन को जिता दो। फरोजाबाद में विकास ही विकास होगा।
इस दौरान अपने संबोधन में अमित शाह दो बार फीरोजाबाद को फिरोजपुर कह गए लेकिन तुरंत ही बात संभाल भी ली।