Taj And Trump: अमेरिकी दस्ते ने परखी एयरपोर्ट से ताज के बीच सुरक्षा व्यवस्था Agra News
भारत के फरवरी में प्रस्तावित दौरे के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति के आगरा आने की भी संभावना। 48 सदस्यीय एडवांस टीम ने किया निरीक्षण।
आगरा, जेएनएन। दुनिया के सबसे ताकतवर देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फरवरी में ताजनगरी आ सकते हैं। इस बात के प्रबल आसार बन चुके हैं, क्योंकि अमेरिका से आई एडवांस टीम ने आगरा एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक के रास्ते में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने ताज परिसर और होटल में भी इंतजामों की जानकारी ली है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के भारत दौरे को लेकर दैनिक जागरण ने बुधवार को ही समाचार प्रकाशित था। इसी दिन अमेरिका से आई 48 सदस्यीय टीम भी आगरा पहुंची। करीब पांच घंटे आगरा में रुकने के दौरान टीम ने पं. दीनदयाल एयरपोर्ट (खेरिया) से लेकर ताजमहल तक के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इससे पहले एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहन मंत्रणा चली।
राष्ट्रपति ट्रंप का विमान कहां उतरेगा? उनकी निकासी किस रास्ते से होगी? एयरपोर्ट से ताजमहल तक की दूरी? इन सवालों पर बातचीत हुई। इसके बाद शिल्पग्राम से लेकर ताजमहल तक का टीम ने पैदल निरीक्षण किया। यहां सुरक्षा के मद्देनजर कमजोर बिंदुओं को परखा। यदि राष्ट्रपति आते हैं तो ताजमहल के आसपास का बाजार खुला रहेगा या बंद? इसको लेकर भी बातचीत हुई। ताज के प्रवेश द्वार और उन पर सिक्योरिटी के इंतजाम, परिसर के अंदर का भी टीम ने जायजा लिया।
टीम के साथ एसपी सिटी रोहन बोत्रे थे। टीम ने उनसे आगरा में होटलों की संख्या और हर होटल में कितने कमरे, इस बिंदु पर भी जानकारी ली। साथ ही होटल अमर विलास का भी एडवांस टीम ने निरीक्षण किया है।
कब आएंगे, अभी ये साफ नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति भारत यात्रा पर कब आएंगे, अभी साफ नहीं है। माना यह जा रहा है कि वे फरवरी के दूसरे या तीसरे सप्ताह में आएंगे। उस समय मौसम भी खुशनुमा रहता है। इसी के मद्देनजर ट्रंप की यात्रा से ठीक एक महीने पहले एडवांस टीम यहां पहुंची है।
10 दिन पहले टीम डाल देगी डेरा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की सुरक्षा में तैनात दस्ता, उनकी यात्रा से 10 दिन पहले आगरा में डेरा डाल देगा। दस्ते में शामिल जवान अपने साथ अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण लेकर आएंगे और स्थानीय पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर उस दौरान यहां आने वाले विदेशी पर्यटकों के रिकॉर्ड भी चेक कर सकते हैं।