Mayor Council: 74वां संविधान संशोधन विधेयक अभी जरूरी नहीं Agra News
अखिल भारतीय मेयर परिषद के अधिवेशन में इस मुद्दे का चैप्टर क्लोज। मेयर को पहले से ही मिलने जा रहे हैं कई अधिकार।
आगरा, जागरण संवाददाता। अखिल भारतीय मेयर परिषद (एआइएमसी) के 50वें राष्ट्रीय अधिवेशन में 74वें संविधान संशोधन विधेयक के लागू होने की फिलहाल जरूरत नहीं जताई गई। एआइएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन जैन ने ऐसे संकेत दिए है। उनका कहना है कि इस संशोधन को लागू कराने के लिए वह हर स्तर पर बात करेंगे, फिलहाल मेयरों को कई ऐसे अधिकार मिल गए हैं। यह अधिकार कुछ राज्यों में लागू हैं तो कुछ में जल्द लागू कराने के लिए उस प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन जैन ने कहा कि उप्र में मेयर नगरायुक्त और अपर नगरायुक्त की चरित्र पंजिका लिख सकते हैं। यह सबसे बड़ा अधिकार है। इसी तरह से अवस्थापना निधि सहित कई ऐसी संस्था हैं। जिसके अध्यक्ष मंडलायुक्त होते थे लेकिन अब यह जिम्मेदारी मेयर को मिल गई है।
पॉलीथिन विरोधी मुहिम को दें बढ़ावा
रायपुर के पूर्व मेयर सुनील ने प्लास्टिक और पॉलीथिन से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। कहा कि प्रत्येक नगर निगम को इसे बढ़ावा देना चाहिए। लगातार जनजागरूकता अभियान चलाना चाहिए।
जरूरत के हिसाब से बढ़ेंगे कर्मचारी
राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन जैन ने कहा कि प्रत्येक नगर निगम में जरूरत के हिसाब से सफाई कर्मचारियों को बढ़ाया जाएगा।
निगम वार होगी स्वच्छता की प्रतियोगिता
एआइएमसी द्वारा निगमवार स्वच्छता की प्रतियोगिता शुरू होगी। स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 पर भी फोकस किया जाएगा। सर्वेक्षण में देश भर के टॉप 10 मेयरों को सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. एससी राय थे प्रदेश के पहले अध्यक्ष
चुनाव अधिकारी सुभाष पटेल ने बताया कि एआइएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन जैन तीसरे अध्यक्ष हैं। पहले अध्यक्ष लखनऊ के डॉ. एससी राय, दूसरे नंबर के अध्यक्ष अलीगढ़ के आशुतोष वाष्ण्रेय थे।
एक राष्ट्र, एक निगम और एक नियमावली
राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन जैन ने कहा कि गुजरात में मेयर का कार्यकाल ढाई साल और दिल्ली में एक साल का है, जबकि उप्र में यह पांच साल का है। पीएम को ज्ञापन दिया जाएगा। एक राष्ट्र, एक निगम और एक नियमावली बनाने की मांग की जाएगी।
ये है एआइएमसी का एजेंडा
- रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देना
- हरियाली को बढ़ाना
- देशभर में सीवर और पानी की लाइन बिछवाना
- एक देश, एक निगम और एक नियमावली पर अमल
- स्वच्छता मिशन को बढ़ावा देना
बने रहेंगे प्रदेश के अध्यक्ष
एआइएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन जैन उप्र मेयर परिषद के भी अध्यक्ष हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही वह प्रदेश अध्यक्ष भी बने रहेंगे।
गिफ्ट में दें पौधा
नवीन जैन ने कहा कि किसी भी त्योहार या फिर कार्यक्रम, विवाह के अवसर पर एक पौधा लगाने का अनुरोध किया जाएगा। साथ ही पौधे की देखभाल का संकल्प भी कराया जाएगा।
गंगाजल मिलते ही बंद होंगे आरओ प्लांट
एआइएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और आगरा के मेयर नवीन जैन ने कहा कि आगरा शहर में गंगाजल पहुंच चुका है। आधे शहर में हर दिन 144 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति की जा रही है। डेढ़ माह में जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इसके बाद आरओ प्लांट बंद कराए जाएंगे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप