Taj Mahal Ticket: आज दोपहर में ना आएं ताजमहल, बुक हो चुके हैं सभी टिकट
Taj Mahal Ticket शनिवार को सुबह से दोपहर तक के स्लाट के सभी टिकट हो गए थे बुक। कालाबाजारी को लपके परेशानी से बचने को पर्यटकों ने की बुकिंग। ताजमहल पर पांच हजार वयस्क पर्यटकों की कैपिंग लागू है। अब मौसम अच्छा होने से ताजमहल देखने पर्यटक आने लगे हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। रविवार की छुट्टी में ताजमहल देखने का विचार है तो भूल जाएं। आगरा आने पर धक्कों के अलावा आपको कुछ नहीं मिलेगा। रविवार सुबह और दोपहर के स्लाट के सभी 2500 टिकट शनिवार को ही बुक हो गए। लपकों द्वारा टिकटों की कालाबाजारी और पर्यटकों द्वारा परेशानी से बचने को एडवांस टिकट बुकिंग किए जाने से ऐसा हो रहा है।
ताजमहल पर पांच हजार वयस्क पर्यटकों की कैपिंग लागू है। अब मौसम अच्छा होने से ताजमहल देखने पर्यटक आने लगे हैं। कैपिंग का दुरुपयोग लपके कर रहे हैं। वो बल्क में एडवांस टिकट बुक कर लेते हैं। पहले केवल वीकेंड में वो दोपहर के स्लाट बुक कर रहे थे, लेकिन 15 नवंबर से वाे प्रतिदिन ऐसा कर रहे हैं। इसके चलते सैकड़ों पर्यटकों को ताजमहल देखे बगैर लौटना पड़ रहा है। शनिवार को तो लपकों ने सुबह के स्लाट के टिकट भी बुक कर लिए थे। सुबह नौ बजे के बाद बगैर टिकट बुक कराए पहुंचे पर्यटकों को निराश लाैटना पड़ा था। शनिवार रात 10:30 बजे तक रविवार दोपहर के सभी 2500 टिकटों की एडवांस बुकिंग हो गई। वहीं, रात एक बजे के करीब सुबह के स्लाट के सभी टिकट बुक हो गए। रविवार सुबह ताजमहल देखने आना भी है तो पहले वेबसाइट से टिकट चैक कर लें। वहीं, दोपहर में टिकट उपलब्ध नहीं होने से ताजमहल आना ही बेकार है। बेहतर यही रहेगा कि या तो घर में रहें या फिर किसी अन्य स्मारक का रुख करें।
आगरा के पर्यटन को होगा नुकसान
कोरोना काल से जूझ रहे आगरा के पर्यटन उद्यमियों को ताजमहल के टिकट नहीं मिलने की स्थिति में पर्यटकों के लौटने का गलत संदेश जाने की चिंता सता रही है। यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में पर्यटक आगरा के बजाय अन्य पर्यटन स्थलों का रुख करना शुरू कर देंगे। यही वजह है कि ताजमहल की कैपिंग को बढ़ाने की मांग की जा रही है।