अलीगढ़ के एडीजे पर हमला, खंदौली में सड़क दुर्घटना के बाद कार में आग लगाने की कोशिश
लखनऊ से अलीगढ़ लौट रहे अपर जिला जज अली मुस्तफा पर खंदौली में हमला हुआ। बाइक से टक्कर के बाद ...और पढ़ें
-1793117715666_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, खंदौली (आगरा)। लखनऊ से अलीगढ़ लौट रहे अपर जिला जज (एडीजे) की कार में खंदौली में बाइक से टक्कर मारने के बाद युवकों ने हमला बोल दिया। अलीगढ़ में तैनात एडीजे अली मुस्तफा, उनके पिता और गनर के साथ मारपीट की गई। बाइक सवार ने अपने 30 से 40 साथियों को बुला लिया। हमलावरों ने कार का पिछला शीशा तोड़ आग लगाने का प्रयास किया।
किसी तरह कार लेकर निकलने पर उनकी जान बच सकी। एडीजे ने आरोपित भूपेंद्र सिंह समेत 30-40 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। अलीगढ़ न्यायालय अपर जिला जज अली मुस्तफा ने मुकदमा दर्ज कराया है। जिसके मुताबिक वह अपने माता-पिता और गनर के साथ 24 अक्टूबर को लखनऊ से लौट रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली इंटरचेंज पर उतरकर वह आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे।
खंदौली के मई चौराहे पर जवाहर इंटर कालेज के सामने पीछे से आए बाइक सवार ने उनकी कार में चालक साइड में टक्कर मार दी। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने कार से उतरकर बाइक सवार को गलत तरीके से गाड़ी चलाने पर समझाया तो वह अभद्रता करने लगा।
बाइक सवार ने अपना नाम भूपेंद्र और बीएसएफ में जवान बताते हुए काल करके 30-40 लोगों को वहां बुला लिया। युवकों ने उनके व पिता के अलावा गनर से मारपीट शुरू कर दी। जिससे पिता की दोनों कलाई और नाक में चोट आईं। भूपेंद्र एवं हमलावरों ने गाड़ी में आग लगाने औेर उन्हें व उनके स्वजन को जान से मारने का प्रयास किया।
अनहोनी की आशंका पर उन्होंने वहां से निकलने के लिए कार आगे बढ़ाई तो हमलावरों ने हेलमेट या किसी अन्य वस्तु से कार का पिछला शीशा तोड़ दिया। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य ने बताया कि मामले में भूपेंद्र निवासी गोविंदपुर सादाबाद और 30-40 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। सीसीटीवी रिकार्डिंग के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
112 नंबर पर सूचना के बाद भी नहीं मिली मदद
एडीजे ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन मौके पर मदद नहीं मिली। जिसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी को काल करके पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। किसी तरह वहां से निकल सके।
