Akshay Tritiya 2020: लॉकडाउन में घर पर मनाएं अक्षय तृतीया, जानें वो उपाय जो बनाएंगे धनवान
Akshay Tritiya 2020 26 अप्रैल को है अक्षय तृतीया पर्व। गेंहू का होता है इस दिन बहुत महत्व।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस संक्रमण काल में होली, नवरात्र, हनुमान जयंती और अब अक्षय तृतीया। पर्व आए और चले गए। लॉकडाउन ने भले ही मंदिरों में प्रतिमाओं को कैद कर दिया लेकिन आस्था कम न हुई। ईश्वर की भक्ति पहले से और अधिक निष्ठा से हुई। 26 अप्रैल को आने वाली अक्षय तृतीया पर भी आस्था संक्रमण के भय पर हावी रहेगी। हालाकि खरीदारी के इस त्योहार पर लॉकडाउन का पहरा है लेकिन पूजा की विधि और दान का पुण्य इस त्योहार के सुख को अक्षय बना सकता है।
ज्योतिषचार्य डॉ शोनू मेहरोत्रा के अनुसार अक्षय तृतीया का पर्व इस बार ऐसे समय में पड़ रहा है जब पूरा देश लॉकडाउन में बंद है। केवल जरूरी चीजों के अलावा इस वक्त कुछ भी खरीद पाना संभव नहीं है। अक्षय तृतीया पर सोने की खरीदारी का सर्वाधिक महत्व होता है और ऐसा माना जाता है कि इस दिन सोना खरीदने से आपके घर में धन की कभी कमी नहीं होती।
इस बार आपके लिए सोना खरीद पाना संभव नहीं है। इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। अक्षय तृतीया पर आप दान करके भी अक्षय फल की प्राप्ति कर सकते हैं। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन किया गया दान भी आपको अक्षय फल के रूप में वापस होकर मिलता है। और कई गुना बढ़कर वापस मिलता है।
ये वस्तुएं करें दान तो मिलेगा अक्षय फल
डॉ शोनू के अनुसार अक्षय तृतीया पर दान के महत्व को देखते हुए इस दिन जल का कोई पात्र यानी बरतन जैसे गिलास, लोटा, घड़े का दान करना चाहिए। ग्रीष्मकाल में जल से जुड़ी हुई शीतल चीजों का दान शास्त्रों में बहुत ही महत्वपूर्ण बताया गया है। गुड़ का दान करें या जल में गुड़ मिलाकर गाय को पिलाएं। आप चाहें तो मीठी रोटी बनाकर भी गाय को खिला सकते हैं। अक्षय तृतीया रविवार को है ऐसे में यह उपाय आपके सूर्य को बलवान बनाएगा। ज्योतिषशास्त्र में बताया गया है कि इससे आरोग्य की प्राप्ति होती है। हृदय को बल मिलता है और सरकारी क्षेत्र एवं पैतृक धन संपत्ति से सुख मिलता है। किसी जरूरतमंद को चावल, आटा या कोई अन्य अनाज दान दें। मात्रा इतनी होनी चाहिए जिससे सामने वाले कि ज़रूरत पूरी हो सके। अक्षय तृतीया पर बुध का संचार मेष राशि में सूर्य के साथ होगा। इस अवसर पर हरा चारा, पालक गाय को खिलाना बहुत ही शुभ फलदायी होगा। यह व्यापार, शिक्षा और धन के लिए शुभ फलदायी उपाय है जिसका जिक्र ज्योतिषशास्त्र में मिलता है, क्योंकि इससे बुध मजबूत होता है। इस अवसर पर बच्चों को कॉपी, कलम दान दे सकते हैं।
ऐसे करें पूजन
गेहूं भगवान विष्णु के चरणों में रखें। भगवान विष्णु की पूजा करें। इसके बाद गेहूं को लाल वस्त्र में लपेटकर तिजोरी में रखें। गेहूं को कनक यानी सोने के समान माना गया है। गेहूं का दान भी स्वर्ण दान के समान कहा गया है। अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने की परंपरा है। इसे शगुन माना जाता है। इस वर्ष सोना खरीदने के लिए घर से बाहर आप नहीं जा सकते हैं। दूसरी ओर मंदी के दौर में धन की बचत के लिए भी आप इस उपाय से अक्षय तृतीया का शगुन कर सकते हैं। इसके साथ- साथ इस दिन महालक्ष्मी के मंत्रो का और ॐ नमो भगवते वासुदेवाय का जाप करें। माता लक्ष्मी को चावलों की मीठी खीर का भोग लगाएं। अपने धन और पैसों के स्थान पर पीले कपड़े में लपेटकर तीन हल्दी की गांठे भी रख सकते हैं। अपने घर पर रखे हुए सोने पर थोड़ी हल्दी और अक्षत डाल दें। इस प्रकार इस समय आप सीमित संसाधनों में शुभ फल प्राप्त कर सकते हैं।