प्रदेश सरकार पर बरसे सपा मुखिया, बोले नाम बदलने वाली सरकार बताए काम कब करेगी Agra News
मैनपुरी में सैनिक स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव।
आगरा, जेएनएन। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त पड़ी हैं। केवल नाम बदलने का काम हो रहा है। नाम बदलने वाली सरकार काम कब करेगी, ये सवाल जनता पूछ रही है।
सैनिक स्कूल मैनपुरी में आए अखिलेश यादव ने स्कूल के बाहर पत्रकारों से वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सूबे में स्वास्थ्य से लेकर कानून व्यवस्था तक सब बदहाल है। गर्भवती महिलाएं अस्पताल तक नहीं पहुंच पा रही हैं। निशुल्क एंबुलेंस सेवा ध्वस्त कर दी है। सरकार कभी नाम बदलती है तो कभी नंबर। 100 नंबर डायल करो तो 112 नंबर की गाड़ी पहुंच रही है और 112 नंबर डायल करो तो 100 नंबर की गाड़ी पहुंच रही है। सरकार आखिर काम कब करेगी, ये बताए?
उन्नाव प्रकरण के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जब विकास होता है तो किसान जमीन देता है। किसान को उसका हक मिलना चाहिए। हमारी सरकार में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे बना था, उसमें भी किसानों ने जमीन दी थी। परंतु इस सरकार का ये कैसा राष्ट्रवाद है कि किसानों को उनके हक के बजाय लाठी मिल रही है। किसान को अपमानित करके सरकार जमीन ले रही है।
अयोध्या प्रकरण में मुस्लिम पक्षकारों के पुनर्विचार याचिका के फैसले पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने एक फैसला दिया है और सबने मान लिया है। पुनर्विचार याचिका एक प्रक्रिया है। यह संवैधानिक व्यवस्था है। किसी को फैसले में कोई बात कहनी है तो वह इसमें जा सकता है। पीएफ घोटाले के सवाल पर कहा कि सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।
आप भाजपा वाले बनकर मत पूछिए सवाल
पीएफ घोटाले के सवाल पर अखिलेश यादव ने मीडियाकर्मी से भाजपा की तरफ से सवाल पूछने की बात कही। अखिलेश ने कहा कि मीडिया को पूरी जानकारी करनी चाहिए। ये खबर निकालनी चाहिए कि किस-किस दिन आरटीजीएस किस-किस बैंक में हुए। सच्चाई अपने आप सामने आ जाएगी।
गेट के अंदर नहीं घुस पाए विधायक करहल
अखिलेश यादव के काफिले में विधायक करहल सोबरन ङ्क्षसह यादव भी शामिल थे। परंतु सैनिक स्कूल पहुंचते समय वह पीछे रह गए। बाद में स्कूल के सुरक्षाकर्मियों ने उनको और अन्य किसी का प्रवेश ही नहीं करने दिया।
स्कूल की वार्षिक बैठक में हुए शामिल
अखिलेश यादव ने बताया कि सपा सरकार ने सैनिक स्कूल की घोषणा की थी और इसे पूरा किया। आज स्कूल की वार्षिक बैठक भी थी। वह सांसद मुलायम ङ्क्षसह यादव की ओर से स्कूल आए थे। उन्होंने कहा कि स्कूल में व्यवस्थाएं बेहतर हैं और यहां से निकलने वाले बच्चे आगे चलकर देश की रक्षा करेंगे। इस दौरान पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव, विधायक राजकुमार यादव, पूर्व मंत्री आलोक शाक्य व दीप सिंह शाक्य, सपा जिलाध्यक्ष खुमान वर्मा, सुखवीर ङ्क्षसह यादव आदि साथ थे।