Loksabha Election 2019 : एटा में बाेले अखिलेश यादव, अमेरिका ने कहा तो वापस आया पायलट
एटा संसदीय क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने की जनसभा। कहा गलत नीतियों से सीमा पर जवान हो रहे शहीद।
आगरा, जेएनएन। एटा के जीआइसी मैदान में सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनावी सभा के दौरान एयर स्ट्राइक और पाक के विमान को गिराने के दावे पर सीधे-सीधे सवाल उठाए। बोले, एफ-16 विमान पर भारत की बात मानें या अमेरिका की। पाकिस्तान में पकड़ा भारतीय पायलट अमेरिका के कहने से ही आया, वरना वापस नहीं आ पाता।
अखिलेश ने घुसपैठ और आतंकवाद पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि गलत नीतियों की वजह से सीमा पर लगातार जवान शहीद हो रहे हैं। सभा के दौरान उन्होंने जाति कार्ड भी खूब खेला। पिछड़ी जातियों को भावनात्मक रूप से अपने साथ जोड़ा। कहा, भाजपा ने पिछड़ों को अलग कर दिया। उन्हें सामान्य वर्ग में स्थान नहीं मिल सकता। आबादी के मुताबिक हमें फायदा नहीं मिल रहा। भाजपा को डर है, इसलिए जातिगत आंकड़ों को सामने नहीं लाना चाहती। सपा की सरकार बनेगी तो हम जातिगत आंकड़े सबको बताएंगे।
नौजवानों को लुभाते हुए अखिलेश ने कहा कि हमारी सरकार में फौज में भर्ती मेरिट के आधार पर की जाएगी। शिक्षामित्रों के लिए अलग से भर्ती निकालने की बात भी मंच से कही। कहा कि गठबंधन ही देश में परिवर्तन ला सकता है। भाजपा के घोषणा पत्र को धोखा बताया। साथ ही भाजपा पर भगवान को जाति में बांटने और चुनाव को अली-बजरंग बली का रंग देने का आरोप लगाया। नक्सली हमले की वजह भी भाजपा की गलत नीतियों को बताया। उन्होंने गठबंधन प्रत्याशियों में एटा से देवेन्द्र सिंह यादव और फर्रुखाबाद से मनोज अग्रवाल के पक्ष में वोट मांगे।