अहमदाबाद फर्जी IT रेड मामला: 5 साल बाद आगरा से पकड़ा गया मास्टरमाइंड, 4 बदमाश अब भी फरार
अहमदाबाद में पांच साल पहले फर्जी आयकर रेड डालकर पांच किलो सोना लूटने वाले मुख्य आरोपी निखिल मेहरा को एसटीएफ ...और पढ़ें
-1789238963392_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
अहमदाबाद में पांच किलो सोना लूट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार।
निखिल मेहरा पांच साल से आगरा में पहचान छिपाकर रह रहा।
आईपीएल में हार के बाद फर्जी रेड की योजना बनाई थी।
जागरण संवाददाता, आगरा। पांच साल पहले अहमदाबाद में आयकर अधिकारियों की टीम बनाकर पांच किलो सोना लूटने वाले लुटेरे को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। आरोपित निखिल मेहरा पांच सालों से अपनी महिला मित्र के साथ पहचान छिपाकर लिव-इन में रह रहा था। गुजरात पुलिस उसे अपने साथ ट्रांजिट रिमांड पर ले गई है। लूटकांड में अब तक सात लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि चार फरार हैं।
21 फरवरी 2021 को अहमदाबाद में सराफा कारोबारी के कर्मचारियों को आयकर अधिकारियों की टीम ने बस से उतारा और साथ ले गए। इसके बाद उनसे पांच किलो सोना लूटकर दोनों को फेंक दिया और फरार हो गए। बाद में पता चला कि आयकर अधिकारी फर्जी थे।
गुजरात पुलिस की जांच में दिल्ली के लुटेरे निखिल मेहरा और उसके साथियों की तलाश शुरू की। शनिवार को पकड़े गए निखिल ने बताया कि उसने आइपीएल में बड़ी रकम हारने के बाद लूट की योजना बनाई थी। 10 साथियों के साथ आयकर अधिकारी के फर्जी पहचान पत्र बनवाए। अहमदाबाद में किराए की कार ली और नीली बत्ती लगाकर लूट को अंजाम दिया।
लूट के बाद उसके हिस्से में आधा किलो सोना आया था। सोना लेकर वह भागा और फिर आगरा आकर रहने लगा। एसटीएफ के एसपी राकेश कुमार ने बताया कि निखिल के पास लूट का सोना नहीं मिला है। वारदात में आगरा के चार बदमाश शामिल थे, जिसमें से दो फरार हैं।
