गंदगी की मार से तड़प रहा रसूलपुर तालाब
एत्मादपुर : कभी दूसरों की मदद करने वाला तालाब खुद बीमार हो गया है। बीमारी ऐसी जो आसपास के लोगों ने दी है। पॉलीथिन, कूड़े और सिल्ट से तालाब ही खत्म हो गया है।
संवाद सूत्र, एत्मादपुर : कभी दूसरों की मदद करने वाला तालाब खुद बीमार हो गया है। बीमारी ऐसी जो आसपास के लोगों ने दी है। पॉलीथिन और कूड़े से तालाब को पाट दिया है। रही सही कसर सिल्ट ने पूरी कर दी। इससे रसूलपुर का तालाब समतल हो गया है। गंदे पानी से बदबू आने से लोग परेशान हैं।
तहसील मुख्यालय पर चार किमी की दूरी पर रसूलपुर गांव है। यहां 250 परिवार हैं। 1100 के करीब मतदाता हैं। गांव में गाटा संख्या 168 में तालाब है। इसका रकबा चार बीघा था। एक बीघा जमीन रेलवे ने फ्रेट कॉरिडोर के लिए अधिग्रहीत कर ली। अब तीन बीघा में तालाब रह गया है। यह चालीस साल पुराना है। तालाब में पॉलीथिन की भरमार है और सिल्ट के चलते समतल हो गया है। बीस साल से इसकी सफाई नहीं हुई है। सफाई न होने के चलते तालाब का पानी गलियों में भर जाता है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रास्ते बंद हो जाते हैं। दो दर्जन लगे हैं हैंडपंप
रसूलपुर गांव में दो दर्जन हैंडपंप लगे हुए हैं। तेजी से भूगर्भ जलस्तर कम हो रहा है। इसके चलते हर साल खोदाई करनी पड़ती है। जलदान अभियान से हो रहे प्रेरित
दैनिक जागरण के जलदान अभियान से रसूलपुर गांव के लोग प्रेरित हो रहे हैं। इसकी शुरुआत जागरूकता से हुई है। लोगों को तालाब की सफाई कर रखरखाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों से तालाब में गंदगी न फेंकने की अपील की जा रही है।
---
- तालाब की सफाई नहीं होने से बारिश का पानी बर्बाद चला जाता है। इसके चलते भूगर्भ जलस्तर तेजी से नीचे गिर रहा है।
ओमबाबू - तालाब की सफाई नहीं होने से गांव में मच्छरों का प्रकोप है। तालाब की सफाई व खोदाई के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
चिरंजी लाल
- गंदगी के कारण तालाब का पानी इतना दूषित हो गया है कि जानवर भी नहीं पीते हैं। तालाब की सफाई होने पर गंदगी से निजात मिलेगी।
रामजी लाल - रसूलपुर तालाब में सिल्ट और पॉलीथिन से भरा पड़ा है। जलदान अभियान से लोग इसकी सफाई के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
हरिकिशन, प्रधान ----
- दैनिक जागरण का जलदान अभियान सराहनीय है। रसूलपुर गांव के तालाब की सफाई को लेकर ग्रामीण प्रेरित हो रहे हैं। सफाई में तहसील प्रशासन सहयोग करेगा।
अभिषेक सिंह, एसडीएम एत्मादपुर